Bihar Road Accident : औरंगाबाद में स्कार्पियो ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, युवक की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar Road Accident : औरंगाबाद में स्कार्पियो ने बाइक में मा

AURANGABAD : जिले के गोह थाना क्षेत्र के दद्दपी गांव के समीप सड़क हादसे में आज एक 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृत युवक की पहचान गया जिले के कोच थाना क्षेत्र के बढऔना गांव निवासी सुरीठ पासवान के पुत्र निखिल कुमार के रूप में की गई है। घायल युवक सुमिरन कुमार भी उसी गांव का रहने वाला है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमिरन का ननिहाल देवहरा के समीप बिहटा गांव में है। जहां बुधवार को गांव के ही राजेश यादव की बाइक लेकर निखिल और सुमिरन बिहटा गए थे। आज घर वापस लौटने के दौरान दधपी गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच दोनों घायलों युवकों को इलाज के लिए गोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने निखिल कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज गयाजी ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 

युवक की मौत के उपरांत गोह पुलिस ने शव को अपने  कब्जे में लेते हुए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे में शामिल स्कॉर्पियो को गोह पुलिस ने जब्त कर लिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि निखिल अपने दोस्त सुमिरन के साथ सूरत के एक फैक्ट्री में मजदूरी का कार्य करता था। होली के त्योहार को लेकर चार दिन पूर्व ही वह घर लौटा था। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

दीनानाथ मौआर का रिपोर्ट