मनेर में नाले में तैरता मिला राकेश का शव, तीन दिन पहले बाजार जाने के क्रम में हुआ था लापता

पटना के मनेर थाना क्षेत्र के सराय-सत्तर गांव के पास नाले से 30 वर्षीय राकेश कुमार का संदिग्ध शव मिला है। तीन दिनों से लापता युवक की हत्या की परिजनों ने आशंका जताई है। दानापुर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

मनेर में नाले में तैरता मिला राकेश का शव- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय-सत्तर गांव के पास स्थित आहार (नाले) से रविवार दोपहर पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव बरामद किया है। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों के अनुसार मृतक पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। युवक का शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।

दानापुर का रहने वाला था मृतक, मनेर स्थित ननिहाल में रहता था राकेश

मृतक की पहचान दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरगददा गांव निवासी लाल चंद राय के 30 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि राकेश वर्तमान में मनेर थाना क्षेत्र की सराय पंचायत स्थित कहारी टोला में अपने ननिहाल में रहकर जीवन यापन कर रहा था। उसकी अचानक हुई मौत से ननिहाल और पैतृक गांव दोनों जगह शोक की लहर दौड़ गई है।

बाजार जाने की बात कहकर निकला था घर से, नाले में तैरता मिला शव

घटना के संबंध में परिजनों ने जानकारी दी कि राकेश तीन दिन पहले किसी काम से सराय बाजार जाने की बात कहकर अपने ननिहाल से निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। लगातार तीन दिनों तक रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार रविवार दोपहर सराय बाजार के समीप स्थानीय ग्रामीणों की नजर नाले में तैर रहे उसके शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, इलाके में फैली सनसनी

युवक का शव संदिग्ध स्थिति में मिलने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से नाले में फेंके जाने की प्रबल आशंका व्यक्त की है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। हालांकि, युवक की मौत डूबने से हुई या उसकी हत्या की गई है, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है।

मौके पर पहुंची मनेर पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, दानापुर भेज दिया है। मनेर पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का खुलासा हो सकेगा।