Patna Metro: पटना वालों को जाम से मिलेगी राहत! दिसंबर में खुलेगा खेमनीचक मेट्रो स्टेशन, इतने दिनों में बेली रोड भी होगा चौड़ा

Patna Metro: पटना में सफर को आसान बनाने की दिशा में दो मोर्चों पर काम तेज हो गया है। ...

पटना वालों को जाम से मिलेगी राहत! - फोटो : social Media

Patna Metro: पटना में सफर को आसान बनाने की दिशा में दो मोर्चों पर काम तेज हो गया है। एक तरफ मेट्रो का दायरा बढ़ने जा रहा है, तो दूसरी तरफ शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल नेहरू पथ को जाम से राहत दिलाने की तैयारी है। खेमनीचक मेट्रो स्टेशन को दिसंबर के अंत तक यात्रियों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी शुरू हो चुका है। इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से राजधानी के हजारों लोगों की रोजाना की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

खेमनीचक बनेगा रेड और ब्लू लाइन का अहम जंक्शन

पटना मेट्रो का पांचवां स्टेशन खेमनीचक अब यात्रियों के स्वागत के लिए लगभग तैयार है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। फिलहाल इस स्टेशन से मेट्रो ट्रेनें गुजर रही हैं, लेकिन काम पूरा नहीं होने के कारण यहां ठहराव नहीं दिया गया है। अभी यह स्टेशन पास थ्रू के रूप में इस्तेमाल हो रहा है। दिसंबर के आखिर तक इसे खोलने का लक्ष्य है।

खेमनीचक स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां रेड लाइन और ब्लू लाइन के बीच इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। यानी यात्रियों को मेट्रो की दोनों लाइनों के बीच बदलकर सफर करने का विकल्प मिलेगा। खेमनीचक और जगनपुरा सहित न्यू बाइपास के दक्षिणी इलाकों में रहने वाले लोगों को इससे खास राहत मिलेगी। अब उन्हें मलाही पकड़ी पहुंचने के लिए बाइपास पार कर 90 फीट कॉर्नर से ऑटो या रिक्शा पकड़ने की मजबूरी से राहत मिल सकती है। साथ ही आईएसबीटी तक पहुंचना भी आसान होगा।

खेमनीचक से मीठापुर तक मेट्रो का काम जारी

खेमनीचक से मीठापुर के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबे मेट्रो ट्रैक का निर्माण जारी है। इसके तैयार होने से रेड लाइन पर परिचालन का इंतजार खत्म करने में मदद मिलेगी। रामकृष्ण नगर से मीठापुर तक बाइपास के उत्तर और दक्षिण में बसे मोहल्लों के लोगों को आवागमन का नया विकल्प मिलेगा।

नेहरू पथ पर बढ़ेंगी सड़क की लेन, 9 महीने में पूरा करने का लक्ष्य

दूसरी ओर, पटना में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक सड़क चौड़ीकरण की कवायद शुरू हो गई है। इस परियोजना के तहत नेहरू पथ के दोनों किनारों पर करीब दो से तीन मीटर तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। पथ निर्माण विभाग की चयनित एजेंसी ने खाली और अतिक्रमण मुक्त हिस्सों में काम शुरू कर दिया है।