बिहार में भाजपा का प्रचारक बना जिला प्रशासन!सीएम सम्राट चौधरी के पोस्ट को रिपोस्ट करने पर भड़की रोहिणी आचार्य

रोहिणी आचार्य ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से किसी एक राजनीतिक दल के कार्यक्रम का प्रचार करना बेहद शर्मनाक, अलोकतांत्रिक और प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ है।

Rohini Acharya Slams Bihar Administration
Rohini Acharya Slams Bihar Administration- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में जिला प्रशासन की निष्पक्षता को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी वाले भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम का प्रचार किए जाने पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने जिला प्रशासन की इस गतिविधि को लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए सत्ताधारी दल का प्रचारक बनने का आरोप लगाया है।


दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बेतिया में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा और संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम की तस्वीरें साझा की थीं। इसके साथ उन्होंने लिखा था कि पदयात्रा और संविधान गौरव दिवस पर बेतिया में जनसैलाब का अपार समर्थन मिला। मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी रिपोस्ट किया गया। इसी को लेकर रोहिणी आचार्य ने सवाल खड़े किए हैं।


रोहिणी आचार्य ने प्रशासन को घेरा

रोहिणी आचार्य ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पश्चिमी चंपारण जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से मुख्यमंत्री की मौजूदगी वाले भाजपा के राजनीतिक पदयात्रा का प्रचार करना दिखाता है कि बिहार में प्रशासन निष्पक्ष रहने के बजाय सत्ताधारी दल के प्रचार विभाग की तरह काम कर रहा है।


उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से किसी एक राजनीतिक दल के कार्यक्रम का प्रचार करना बेहद शर्मनाक, अलोकतांत्रिक और प्रशासनिक मर्यादा के खिलाफ है। प्रशासन की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष तरीके से काम करने की है, न कि किसी सत्ताधारी दल का प्रचारक बनने की।


सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाई सियासत

दरअसल, पश्चिमी चंपारण के बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा और संविधान गौरव दिवस से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की तस्वीरें साझा कर इसे जनता का व्यापक समर्थन मिलने का दावा किया। लेकिन जिला प्रशासन के आधिकारिक अकाउंट से उसी पोस्ट को साझा किए जाने के बाद अब यह मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया है।