Patna Metro: पटना के मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं को मिलेगी विशेष सुविधा, नीतीश सरकार का मास्टर प्लान, इस दिन से हो रही शुरुआत

Patna Metro: पटना मेट्रो स्टेशन की शुरुआत अगस्त के तीसरे सप्ताह से हो सकती है। पहले चरण में तीन स्टेशनों पर मेट्रो दौड़ेगी। वहीं मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं को विशेष सुविधा दी जाएगी। आइए जानते हैं वो सुविधा क्या है...

पटना मेट्रो- फोटो : social media

Patna Metro:  राजधानी पटना में जल्द ही मेट्रो सेवा शुरु होने वाली है। मेट्रो निर्माण के कार्य आखिरी चरण में है। पहले फेज में 5 मेट्रो स्टेशनों की शुरुआत होने वाली थी लेकिन अब 3 स्टेशन पर ही मेट्रो का परिचलन होगा। वहीं 15 अगस्त की जगह अब 23 अगस्त को मेट्रो का शुभारंभ होगा। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण मेट्रो परिचालन के कार्य को अंतिम रुप देने वाला ट्रायल शुरु होने में समय लग रहा है। इसी बीच नीतीश सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं को विशेष सुविधा देने की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत भी मेट्रो सेवा के साथ ही होगी। इससे महिलाओं के लिए यात्रा और भी सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। 

मेट्रो से जुड़ेगा पिंक बस सेवा 

दरअसल, मेट्रो से यात्रा करने के बाद अब महिलाओं को सीधे पिंक बस की सुविधा मिलेगी। इसके लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSTDC) ने विशेष योजना तैयार की है। जिसके तहत हर मेट्रो स्टेशन को पिंक बस सेवा से जोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि अगस्त के तीसरे सप्ताह से पटना मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में मेट्रो का परिचालन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) से भूतनाथ तक किया जाएगा। इस मार्ग में कुल पांच स्टेशन होंगे ISBT, जीरोमाइल, भूतनाथ और खेमनीचक। इन स्टेशनों को पिंक बसों से जोड़ा जाएगा ताकि महिला यात्री आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। हालांकि अगस्त में तीन स्टेशनों को शुरु किया जाएगा। जिसे सितंबर तक बढ़ा कर पांचों स्टेशन पर परिचालन शुरु हो जाएगा। 

हर मेट्रो स्टेशन से मिलेंगी पिंक बसें

राज्य परिवहन निगम ने शुरुआत में 10 पिंक बसों को मेट्रो स्टेशनों से चलाने की योजना बनाई है। पिंक बसों का संचालन मेट्रो स्टेशनों से राजधानी के विभिन्न इलाकों जैसे गांधी मैदान, पटना जंक्शन, बोरिंग रोड, बेली रोड, सगुना मोड़, दानापुर, पाटलिपुत्र स्टेशन, कुर्जी और पटना सिटी तक किया जाएगा। इन रूटों से महिलाओं को मेट्रो स्टेशन से उतरने के बाद सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

 महिलाओं को मिलेगा लाभ

पिंक बसों का संचालन भूतनाथ से मलाही पकड़ी और बाइपास की तरफ से आने वाली महिला यात्रियों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। इस सेवा से महिलाओं को मेट्रो स्टेशन से अपने घर या कार्यस्थल तक सीधे पहुंचने में आसानी होगी। पिंक बसें महिला यात्रियों के लिए आरक्षित होती हैं, जिससे उन्हें भीड़ और असुविधा से राहत मिलती है।

राजधानी में चलेंगी 35 नई पिंक बसें

अगस्त से राज्य भर में 80 नई पिंक बसें चलाई जाएंगी। जिनमें से 35 बसें विशेष रूप से राजधानी पटना के लिए निर्धारित की गई हैं। सितंबर से राजधानी के उन इलाकों में पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी जहां अभी यह सुविधा नहीं है। परिवहन विभाग ने इस दिशा में तैयारी तेज कर दी है।

सिटी राइड बसें भी जुड़ेंगी मेट्रो स्टेशन से

महिलाओं के अलावा आम यात्रियों के लिए भी राहत की खबर है। मेट्रो स्टेशनों को सिटी राइड बस सेवा से भी जोड़ा जाएगा, जिससे पुरुष यात्रियों को भी मेट्रो से उतरने के बाद शहर के प्रमुख इलाकों तक पहुंचने में सुविधा होगी। परिवहन विभाग का यह कदम राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित, सुलभ और समावेशी बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है। विशेष रूप से महिलाओं के लिए पिंक बसों का मेट्रो स्टेशन से संचालन उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित यात्रा का विकल्प देगा।