भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच कल होगा ट्रायल रन, जानें कब से शुरू होगी सेवा

पटना मेट्रो के भूतनाथ से मलाही पकड़ी सेक्शन पर कल यानी 26 फरवरी को ट्रायल रन किया जाएगा। इस कारण सुरक्षा कारणों से कल यात्री सेवाएं बंद रहेंगी और 27 फरवरी से पुनः बहाल होंगी।

Patna - पटनावासियों के लिए मेट्रो के सफर से जुड़ी एक बड़ी खबर है। पटना मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (PMRCL) ने घोषणा की है कि 26 फरवरी को मेट्रो की राजस्व सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित रहेंगी। इसका मुख्य कारण भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन के नए सेक्शन के बीच होने वाला महत्वपूर्ण ट्रायल रन है.

नए सेक्शन को यात्रियों के लिए खोलने से पहले सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच अनिवार्य होती है। इस ट्रायल रन के दौरान मेट्रो ट्रेन की गति, आपातकालीन ब्रेक सिस्टम और अलग-अलग स्टेशनों के बीच तालमेल का बारीकी से परीक्षण किया जाएगा. मेट्रो निगम ने स्पष्ट किया है कि 26 फरवरी को सेवाएं बंद रहने के बाद, 27 फरवरी से सेवाएं पहले की तरह अपने सामान्य समय पर पुनः शुरू हो जाएंगी.

मलाही पकड़ी और खेमनीचक मेट्रो स्टेशनों के बीच कमर्शियल सेवा शुरू करने से पहले फरवरी के अंतिम सप्ताह में कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) की अंतिम जांच प्रस्तावित है. इस दौरान जांच टीम ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, प्लेटफॉर्म सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की बारीकी से जांच करेगी.

सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर खरे उतरने के बाद, मार्च के पहले सप्ताह में इन दोनों स्टेशनों से मेट्रो सेवा शुरू होने की पूरी संभावना है. यह विस्तार पटना के शहरी परिवहन को और अधिक सुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।