Patna School: मोकामा के स्कूल में बड़ा गड़बड़झाला? 236 छात्रों की जगह MDM ऐप पर 670 की उपस्थिति दर्ज
Patna School: मोकामा के मध्य विद्यालय बरहपुर में औचक जांच के दौरान 236 छात्रों की जगह एमडीएम मोबाइल ऐप पर 670 की उपस्थिति दर्ज मिली। प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
Patna School: पटना जिले के मोकामा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बरहपुर में छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने के मामले में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। बाढ़ की अनुमंडल पदाधिकारी कृष्णा जोशी ने 7 सितंबर 2026 को स्कूल का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्कूल में मौजूद छात्रों की वास्तविक संख्या और मध्याह्न भोजन योजना के मोबाइल ऐप पर दर्ज उपस्थिति में भारी अंतर मिला।
औचक जांच में प्रधानाध्यापक स्कूल से मिले गायब
अनुमंडल पदाधिकारी ने 7 सितंबर को दोपहर करीब 12:57 बजे मध्य विद्यालय बरहपुर का निरीक्षण किया। उस समय स्कूल के प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह मौजूद नहीं थे। जब अधिकारियों ने अन्य शिक्षकों से प्रधानाध्यापक के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान छात्रों की दैनिक उपस्थिति पंजी भी जांची गई। इसमें उस दिन छात्रों की उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही माना।
स्कूल में 236 बच्चे मौजूद, ऐप पर 670 की हाजिरी
स्कूल में मौजूद छात्रों की गिनती शिक्षकों से कराई गई तो कुल 236 बच्चे उपस्थित मिले। इसके बाद मध्याह्न भोजन योजना से जुड़ी जानकारी की जांच की गई। यहां मामले में एक और बड़ी विसंगति सामने आई। मोबाइल ऐप पर 7 सितंबर की उपस्थिति 236 के बजाय 670 छात्रों की दर्ज की गई थी। यानी स्कूल में जितने बच्चे वास्तव में मौजूद थे, उससे 434 अधिक छात्रों की उपस्थिति ऐप पर दर्ज मिली।
प्रभारी ने शिक्षिका, शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक को बताया जिम्मेदार
जब मध्याह्न भोजन योजना के प्रभारी राजेश प्रसाद से 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि स्कूल की शिक्षिका पूजा सिंह ने उन्हें इतनी संख्या दर्ज करने के लिए कहा था। इसके बाद पूजा सिंह से भी पूछताछ की गई। शिक्षिका ने बताया कि उन्हें प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह ने मोबाइल पर 236 की जगह 670 छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया था। इस तरह जांच के दौरान उपस्थिति को लेकर स्कूल के स्तर पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रधानाध्यापक से मांगा गया स्पष्टीकरण
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक दयानिधि प्रसाद सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनके एक दिन का वेतन रोकने की भी अनुशंसा की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। औचक निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए पटना के जिला पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेज दी गई है। अब संबंधित अधिकारियों की जांच और प्रधानाध्यापक के स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
मोकामा से रिपोर्ट