Bihar Board Matric Exam 2026:मैट्रिक की परीक्षा के लिए 15 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी तैयार, कदाचार पर जीरो टॉलरेंस का ऐलान, छात्र जान लें गाइडलाइंस

Bihar Board Matric Exam 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 17 फरवरी से आरंभ होने वाली मैट्रिक परीक्षा 2026 के लिए पूरी तैयारी मुकम्मल कर ली है।...

मैट्रिक के परीक्षार्थी जान लें गाइडलाइंस- फोटो : X

Bihar Board Matric Exam 2026: बिहार के शिक्षा के मैदान में बड़ा इम्तिहान शुरू होने जा रहा है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 17 फरवरी से आरंभ होने वाली मैट्रिक परीक्षा 2026 के लिए पूरी तैयारी मुकम्मल कर ली है। इस साल 15,12,687 छात्र-छात्राएं दसवीं की परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड और प्रशासन ने साफ लफ्जों में एलान किया है कि यह इम्तिहान पूरी तरह कदाचार-मुक्त होगा और इसके लिए सख्त इंतजामात किए गए हैं।

इस बार आंकड़े एक नई तस्वीर पेश कर रहे हैं। कुल 7,85,726 छात्राएं और 7,26,961 छात्र परीक्षा देंगे यानी बेटियों की तादाद ज्यादा है, जो बदलते बिहार की दास्तान बयान करती है। राज्य के सभी 38 जिलों में 1699 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। राजधानी पटना में 70 केंद्रों पर 71,022 परीक्षार्थी शामिल होंगे। हर केंद्र पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि माहौल शांत और पारदर्शी बना रहे।

छात्राओं के हौसले को परवाज़ देने के लिए हर जिले में चार-चार ‘मॉडल केंद्र’ तैयार किए गए हैं। इन केंद्रों पर विशेष सजावट, फूलों और रेड कार्पेट से स्वागत की व्यवस्था रहेगी मगर अनुशासन के मोर्चे पर कोई ढिलाई नहीं।

मैट्रिक परीक्षा दो पालियों में होगी।पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12:45 तक, जिसमें एंट्री सुबह 8:30 से 9:00 बजे तक ही मिलेगी।दूसरी पाली दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।बोर्ड ने हिदायत दी है कि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले तक ही प्रवेश मिलेगा। देर से पहुंचने वालों के लिए दरवाजे बंद रहेंगे।

नकल पर शिकंजा कसने के लिए दो स्तरों पर तलाशी होगी पहली गेट पर और दूसरी परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले। मोबाइल, स्मार्ट वॉच या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह पाबंदी है। केवल एडमिट कार्ड और पेन की अनुमति होगी। किसी भी शिकायत या सूचना के लिए बोर्ड ने 16 फरवरी से विशेष कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। 0612-2232257 और 2232227 नंबरों पर विद्यार्थी और अभिभावक संपर्क कर सकते हैं।