Bihar News: शंभू गर्ल्स होस्टल के बाद एक और इंजीनियरिंग के छात्रा की संदेहास्पद मौत, सड़क पर उतरे लोग, पुलिस पर जबरदस्ती अंतिम संस्कार कराने का आरोप

Bihar News: पटना में इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की मौत के बाद कारगिल चौक पर भारी बवाल देखने को मिला। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जबरदस्त बवाल काटा। परिजनों पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाया है।

कारगिल चौक पर हंगामा - फोटो : reporter

Bihar News: पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी के कारगिल चौक पर देर रात जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। दरअसल, बिहटा में मंगलवार को पॉलिटेक्निक की एक छात्रा की संदिग्ध मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने कारगिल चौक पर शव रखकर सड़क को जाम कर दिया। जानकारी के मुताबिक, PMCH में पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, गुस्साए लोगों ने शव को बीच सड़क पर रखकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का साफ आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।

बिहटा से जुड़ा है मामला

पूरा मामला पटना के बिहटा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जहां पॉलिटेक्निक की तैयारी कर रही छात्रा का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध स्थिति में मिला था। मंगलवार को मकान मालिक ने कमरे में शव देख पुलिस और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए PMCH भेजा। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, उनका गुस्सा फूट पड़ा। गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित कारगिल चौक पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस पर आरोप 

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाकर यातायात बहाल कराया गया। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि प्रशासन ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को एंबुलेंस से उतार दिया और डेड बॉडी को दीघा घाट लेकर पहुंच गई। जिसके बाद मौके पर परिजनों ने जमकर बवाल काटा। परिजन शव को लेकर कारगिल चौक पर बैठ गए। जिसके बाद पुलिस ने परिजनों पर बल प्रयोग कर उन्हें हटाया और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। 

शक के घेरे में प्रेमी 

परिजनों का कहना है कि छात्रा की पढ़ाई के दौरान एक युवक ‘अथर्व’ से दोस्ती हुई थी और अब वही शक के घेरे में है। वहीं, परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट