पटना के पालीगंज में बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश:पोकलेन से बैटरी चुराते 2 शातिर गिरफ्तार,3 बैटरी और स्कूटी बरामद

पटना के पालीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने पोकलेन से बैटरी चोरी करते 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर 3 बैटरियां, 2 मोबाइल और 1 स्कूटी बरामद हुई।

पालीगंज बैटरी 2 चोर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त और छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने पोकलेन मशीन से बैटरी चुराकर भाग रहे बैट्री चोर गिरोह के दो सदस्यों को रंगे हाथ धर दबोचा। पुलिस की इस मुस्तैदी से वाहन मालिकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।


महाबलीपुर के दो अभियुक्त गिरफ्तार, कुबूला जुर्म

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान टुनटुन कुमार (पिता ओम प्रकाश साव) और मोहम्मद शाहिद खान (पिता असलम खान) के रूप में हुई है, जो दोनों पालीगंज के महाबलीपुर गांव के निवासी हैं। कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए खुलासा किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाड़ियों से बैटरियां चुराकर बेचने का काम करते हैं।


पिपलावां से एक और चोरी की बैटरी बरामद

पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिपलावां थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी की गई एक और बैटरी सफलतापूर्वक बरामद कर ली। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।


पुलिस की जब्ती सूची और आगे की कानूनी कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई के दौरान पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियुक्तों के पास से कुल 3 चुराई गई बैटरियां, 2 मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की जा रही 1 स्कूटी जब्त की है। पालीगंज थाना पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी रखे हुए है और गिरोह के बाकी फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

ऋषिकेश की रिपोर्ट