Bihar Crime : बाढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वर्चस्व की जंग में रायफल के साथ सीआरपीएफ के रिटायर्ड जवान को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : बाढ़ में पुलिस ने रायफल के साथ सीआरपीएफ के रिटायर्ड जवान को गिरफ्तार किया है. वहीँ छापेमारी कर हथियार भी बरामद किया है.......पढ़िए आगे

रायफल बरामद - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना अंतर्गत एनटीपीसी के सरहन डैम क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर मचे घमासान के बीच पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके से सीआरपीएफ के एक रिटायर्ड जवान सुनील कुमार को अत्याधुनिक रायफल के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि डैम के पास 'फैन' (राख) छानने के कारोबार पर कब्जे और स्थानीय वर्चस्व को लेकर अपराधी किस्म के लोग हथियार के साथ जमा हुए थे।

गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी

बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सरहन डैम के पास हथियारबंद अपराधियों के जुटने की सटीक सूचना मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। जवान सुनील कुमार को मौके पर ही रायफल के साथ दबोच लिया गया, जबकि उसके तीन अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे।

गाड़ी से बरामद हुआ कट्टा और कारतूसों का जखीरा

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने मौके पर मौजूद अपराधियों की गाड़ी की तलाशी ली, तो दंग रह गई। वाहन के अंदर से एक देसी कट्टा और 31 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या वर्चस्व की लड़ाई में खून-खराबा करने की फिराक में था। फिलहाल गिरफ्तार पूर्व फौजी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

फरार अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसडीपीओ ने स्पष्ट किया है कि अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। फरार हुए अन्य तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद रायफल और कारतूसों का स्रोत क्या है और इस गिरोह के तार किन-किन सफेदपोशों से जुड़े हैं।

मोकामा में भी हुई छापेमारी, घर से हथियार बरामद

इसी कड़ी में पुलिस ने मोकामा थाना क्षेत्र में भी अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने महाकाल पासवान नामक व्यक्ति के घर पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में रखे एक गोदरेज (अलमारी) से एक देसी कट्टा और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इन हथियारों को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

रविशंकर की रिपोर्ट