धनतेरस और दीपावली को लेकर पटना पुलिस अलर्ट, शहर मे किया फ्लैग मार्च

राजधानी पटना में धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड मे है। इसी कड़ी में शहर के अति व्यस्त बोरिंग रोड और एसके पुरी में एसडीपीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकला और 'रोको-टोको' अभियान चलाया....

धनतेरस और दीपावली को लेकर पटना पुलिस अलर्ट- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना में धनतेरस और दीपावली के पावन अवसरों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट नजर आ रहा है। त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।


सचिवालय एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में बोरिंग रोड में निकला फ्लैग मार्च

इसी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत पटना के व्यस्त बोरिंग रोड इलाके में सचिवालय एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और हुड़दंगियों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का संदेश दिया।


एसके पुरी थाना क्षेत्र में ज्वेलरी शोरूम और प्रमुख प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच

पुलिस टीम ने एसके पुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोरिंग कैनाल रोड में स्थित ज्वैलरी शोरूम और अन्य प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की हिदायत दी गई।


सड़क किनारे भीड़ लगाने वालों पर शिकंजा, चलाया गया ‘रोको-टोको’ अभियान

बाजारों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने और मनचलों पर लगाम कसने के लिए सड़क किनारे अनावश्यक रूप से भीड़ लगाकर खड़े लोगों के खिलाफ विशेष ‘रोको-टोको’ अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से खड़े लोगों से पूछताछ की और उन्हें वहां से खदेड़ा ताकि खरीदारी करने आने वाले आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


अपराध नियंत्रण और आम जनता को सुरक्षित माहौल देना मुख्य उद्देश्य

पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ का बेहतर प्रबंधन करना, किसी भी प्रकार के अपराध पर अंकुश लगाना और आम जनता को पूरी तरह सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पटना पुलिस ने स्पष्ट और कड़े संकेत दिए हैं कि त्योहारों के इस सीजन में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट