नशा तस्करों के साम्राज्य पर IPS सुषमा सागर का प्रहार: गाड़ियों और गोदाम से बरामद हुई मौत की खेप, , खाकी के हत्थे चढ़े 4 बड़े तस्कर
पटना के गौरीचक थाने ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12,050 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। IPS सुषमा सागर की टीम ने 4 तस्करों को 3 कारों के साथ पकड़ा। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
Patna - पटना पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की एक विशाल खेप बरामद की है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस छापेमारी में पुलिस ने 12,050 बोतल कफ सिरप के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई गौरीचक थाना क्षेत्र में प्रशिक्षु IPS सुषमा सागर के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
वाहन चेकिंग के दौरान धरे गए तस्कर
29 मार्च 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों से नशीली दवाओं की तस्करी की जा रही है। इसके बाद उषा मार्टिन स्कूल के पास चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोका गया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए मो. आदिल, अनवर आलम, करण कुमार और बमबम को मौके पर ही दबोच लिया।
गोदाम और वाहनों से बरामदगी का ब्यौरा
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास मौजूद वाहनों की तलाशी में Shifex-T (कोडिन युक्त) कफ सिरप की 6,800 बोतलें मिलीं। पूछताछ के बाद पुलिस ने गौरीचक थाना क्षेत्र स्थित एक गोदाम पर भी धावा बोला, जहाँ से 5,250 बोतलें और बरामद हुईं। कुल मिलाकर 12,050 बोतलों के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन कारें भी जब्त की गई हैं।
यूपी के उन्नाव से जुड़ रहे हैं तार
पटना पूर्वी एसपी ने जानकारी दी कि बरामद कफ सिरप के लेबल पर उत्तर प्रदेश के उन्नाव का पता अंकित है। पुलिस अब इसके बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहाँ से आ रही थी और इसका मुख्य सरगना कौन है। फिलहाल गोदाम के मालिक से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट - अनिल कुमार