Bihar News: पटना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बरामद किए 18 लाख रुपए, जेपी सेतु पर दौड़ रही थी 'नोटों वाली कार', दो गिरफ्तार
Bihar News: राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 18 लाख रुपए नकदी के साथ 2 युवक को गिरफ्तार किया है। जेपी सेतु पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
Bihar News: पटना के जेपी सेतु पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस की रूटीन चेकिंग में एक गाड़ी से नोटों की गड्डियां निकलने लगीं। कुल 18 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जिनका हिसाब गाड़ी में सवार दो युवक नहीं दे पाए। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया है और अब आयकर विभाग ) को भी इसकी सूचना दी जा रही है। आखिर ये पैसा किसका है और कहां जा रहा था?
18 लाख नकदी बरामद
दरअसल, अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पटना पुलिस की सघन जांच मुहिम लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार शाम वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजधानी के विभिन्न इलाकों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पटना जिले के दीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेपी सेतु पर दीघा जेपी सेतु टीओपी प्रभारी के नेतृत्व में वाहनों की सख्ती से जांच की गई। इसी दौरान सारण के सोनपुर क्षेत्र से पटना में प्रवेश कर रहे एक चारपहिया वाहन को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका।
दो युवक गिरफ्तार
तलाशी के क्रम में वाहन में सवार दो युवकों के पास से 18 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल वाहन को जब्त करते हुए दोनों युवकों को पूछताछ के लिए दीघा थाना लाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दीघा पुलिस ने आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में नकदी के स्रोत के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई और इसका उद्देश्य क्या था। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। बता दें कि पटना में लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस ने पहले भी कई बार भारी मात्रा में नकदी बरामद किया है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट