बच्चों की सुरक्षा को लेकर पटना पुलिस का बड़ा कदम, अब हर थाने में होगी यह सुविधा

पटना पुलिस के मुताबिक Child Help Desk/Child Corner के जरिए बच्चों को उनकी समस्याओं के समाधान के साथ आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

Patna Police Child Help Desks- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना जिले में बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक अहम पहल शुरू की है। जिले के सभी थानों में Child Help Desk/Child Corner स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चे बिना डर या झिझक अपनी समस्याएं साझा कर सकेंगे। पुलिस का उद्देश्य थानों में बच्चों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और बाल-मित्रवत माहौल तैयार करना है।


हर थाने में बच्चों के लिए अलग हेल्प डेस्क

पटना पुलिस के मुताबिक Child Help Desk/Child Corner के जरिए बच्चों को उनकी समस्याओं के समाधान के साथ आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। यहां बच्चों की बात को प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों और पुलिस के बीच भरोसे और सहज संवाद को मजबूत करना भी है। खास तौर पर बालिकाओं की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए योग्य महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इससे बालिकाओं को अपनी परेशानियां खुलकर साझा करने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकेगा।


अभिभावक भी कर सकेंगे संपर्क

पुलिस ने Child Help Desk/Child Corner से जुड़े पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित और सक्रिय रखने की व्यवस्था की है। जरूरत पड़ने पर बच्चों के अभिभावक या परिजन इन नंबरों पर सीधे संपर्क कर सकेंगे। पुलिस के अनुसार, अभिभावकों या परिजनों से किसी बच्चे से संबंधित सूचना मिलने पर मामले की गंभीरता के अनुरूप तत्काल और कानून के मुताबिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


1098 पर 24 घंटे मिलेगी मदद

बच्चों को किसी भी तरह की परेशानी या खतरे की स्थिति में Child Helpline 1098 पर संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सहायता के लिए संचालित है।


पटना पुलिस का कहना है कि इस पहल का मकसद बच्चों को थाने के माहौल में भी सुरक्षा और विश्वास का एहसास कराना है, ताकि वे अपनी समस्याओं को दबाने के बजाय पुलिस तक पहुंचा सकें। बच्चों की आवाज सुनना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनके अधिकारों की रक्षा करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

अनिल की रिपोर्ट