Patna Rupaspur Firing Case: वॉयस मैसेज से सुलगी चिंगारी! पीडिता के फर्दबयान से पलटेगी कहानी! मंगेतर और दोस्त में हथियार छीनने की होड़, बीच-बचाव में युवती को लगी गोली
रूपसपुर थाना क्षेत्र में वॉयस मैसेज विवाद के बाद हुई फायरिंग और युवती के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया है।लेकिन इसी बिच पीडिता के वायरल हुए फर्दबयान से कहानी में कई मोड़ आसकते है
पटना। राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित विजय नगर में युवती से जुड़े विवाद के बाद हुई मारपीट और फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ गब्बर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके किराये के कमरे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीएसपी की प्रेस वार्ता: बरामद हुआ अवैध हथियार
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी (DSP) अजीत कुमार ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार राहुल कुमार उर्फ गब्बर मूल रूप से भोजपुर जिले के गांगी (सिंह कॉलोनी) का रहने वाला है और वर्तमान में रूपसपुर के विजय नगर में किराये का मकान लेकर रह रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कमरे से एक अवैध पिस्तौल, दो खोखा, एक पिस्तौलनुमा लाइटर और पिलेट जब्त किया है।
मामले में दर्ज हुईं तीन अलग-अलग FIR
डीएसपी अजीत कुमार ने जानकारी दी कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अलग-अलग धाराओं में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं:
पीड़िता मुस्कान कुमारी के फर्दबयान के आधार पर मुख्य प्राथमिकी।
मामले के दूसरे पक्ष विनायक सिंह के बयान पर अलग केस।
आरोपी के पास से अवैध पिस्तौल और खोखा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट (Arms Act) के तहत तीसरी प्राथमिकी।
वही गर पीड़िता मुस्कान कुमारी के फर्दबयान के आधार पर बात करे तो एक मामूली वॉयस मैसेज और निजी बहस ने कुछ ही घंटों में खूनी मोड़ ले लिया। विजय नगर स्थित एक फ्लैट के भीतर अवैध हथियार की छीना-झपटी के दौरान चली गोली से 24 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली युवती की पीठ को भेदती हुई पेट के आर-पार निकल गई। पीड़िता का इलाज वेस्ट बेली रोड स्थित अटलांटिस अस्पताल में चल रहा है, जहाँ पुलिस ने उसका फर्दबयान दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।
कॉल और वॉयस मैसेज से सुलगी विवाद की चिंगारी
अस्पताल में रूपसपुर थाना की सब-इंस्पेक्टर (SI) नीतू कुमारी को दिए बयान में बोरिंग रोड (गोल्ड जिम के पास) निवासी मुस्कान कुमारी (24 वर्ष) ने पूरी घटना का ब्योरा दिया है। मुस्कान के मुताबिक, 19 जुलाई की रात करीब 10:10 बजे उसने विनायक सिंह नाम के युवक को कॉल कर 'सृष्टि' नाम की लड़की के सिलसिले में बात की थी। इसके बाद रात 11:26 बजे मुस्कान ने विनायक को एक वॉयस मैसेज भेजा।
स्कॉर्पियो से पहुँचा विनायक, जबरन ले जाने की कोशिश
वॉयस मैसेज के तुरंत बाद विनायक सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने दोस्तों—कान्हा, प्रिंस और अपनी गर्लफ्रेंड सृष्टि के साथ मुस्कान के पते पर आ पहुँचा। जब मुस्कान नीचे आकर गाड़ी में बैठी, तो विनायक ने अचानक गाड़ी स्टार्ट कर आगे बढ़ा दी। मुस्कान के विरोध करने और मंगेतर राहुल उर्फ गब्बर को नीचे बुलाने पर विनायक और राहुल के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
जबरन फ्लैट में घुसा, कमरे में हथियार छीना-झपटी में चली गोली
मुस्कान के समझाने पर राहुल वापस अपने फ्लैट में चला गया, लेकिन विनायक ने गाली-गलौज करते हुए फोन पर दो-तीन लोगों को बुलाया और जान से मारने की धमकियाँ दीं। इसके बाद विनायक जबरन राहुल के फ्लैट में घुस गया और मारपीट करने लगा। इसी दौरान विनायक के साथी कान्हा और प्रिंस भी ऊपर आ गए।नीचे मौजूद मुस्कान को जब ऊपर से फायरिंग की आवाज आई, तो वह दौड़कर कमरे में पहुँची। उसने देखा कि विनायक और राहुल एक-दूसरे से हथियार छीनने की कोशिश कर रहे थे। जैसे ही मुस्कान बीच-बचाव करने आगे बढ़ी, तभी अचानक चली गोली उसकी पीठ के निचले हिस्से (बाईं तरफ) में लगकर पेट से पार हो गई, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। घटना के बाद आरोपी विनायक और उसके साथी मौके से फरार हो गए। होश में आने पर मंगेतर राहुल और प्रिंस घायल अवस्था में मुस्कान को अटलांटिस अस्पताल लेकर पहुँचे। रूपसपुर पुलिस ने पीड़िता की बहन नर्मदा की उपस्थिति में फर्दबयान दर्ज कर लिया है।
आरोपी और घायल दोनों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल कुमार उर्फ गब्बर के खिलाफ पूर्व में हत्या का मामला दर्ज है। वहीं, घायल विनायक सिंह के विरुद्ध भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच कराने के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।