Patna SIR Protest: पटना में SIR पर संग्राम, ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर सड़क पर उतरे छात्र, पोस्टरों से तीखा हमला, इन नारों ने खींचा ध्यान, चप्पे-चप्पे पर भारी फोर्स तैनात
Patna SIR Protest: राजधानी पटना में SIR के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्र संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है।
Patna SIR Protest: राजधानी पटना में SIR के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्र संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन से जुड़े छात्र आज लोकभवन मार्च के लिए जुटे हैं। गांधी मैदान में छात्रों का जमावड़ा शुरू होते ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई। प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को बुलंद कर रहे हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पोस्टरों से तीखा हमला, नारों ने खींचा ध्यान
प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने साथ अलग-अलग तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे हैं। इन पोस्टरों पर लिखे नारों के जरिए केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साधा जा रहा है। एक पोस्टर पर लिखा है, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ वहीं दूसरे पोस्टर पर ‘मोदी जी लोकतंत्र को बर्दाश्त नहीं कर सकते’ का नारा दर्ज है।एक अन्य पोस्टर पर लिखा है, ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में।’ इन नारों के जरिए प्रदर्शनकारी अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि SIR के मुद्दे पर उनकी आपत्तियों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
गांधी मैदान से लोकभवन मार्च की तैयारी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
छात्रों के मार्च को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। होटल मौर्या के पास भी पुलिस ने अवरोधक लगाए हैं।प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए गए हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था पैदा न हो। पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। मार्च को लेकर प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का सख्त निर्देश, केवल गर्दनीबाग में प्रदर्शन की अनुमति
दूसरी ओर, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धरना-प्रदर्शन के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित स्थल का ही इस्तेमाल किया जाए। प्रशासन के मुताबिक, निर्धारित स्थान के अलावा अन्य जगहों पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी।जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि आम नागरिकों की सुविधा, यातायात का सुचारू संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित स्थल से बाहर प्रदर्शन होने पर शहर में जाम की समस्या पैदा हो सकती है और आम लोगों को बेवजह परेशानी उठानी पड़ सकती है।
SIR के खिलाफ छात्रों का विरोध, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
AISA और RYA से जुड़े प्रदर्शनकारी SIR के विरोध तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग के साथ सड़क पर उतरे हैं। छात्र संगठनों की इस कार्रवाई से पटना में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है।
फिलहाल, गांधी मैदान और लोकभवन मार्च के संभावित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। प्रदर्शन के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर प्रशासन की नजर है। छात्रों की मांगों और मार्च को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट