पटना में विशिष्ट शिक्षक ने चुराया क्लर्क का हेलमेट! घटना CCTV में कैद

पटना में एक विशिष्ट शिक्षक द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के लिपिक का हेलमेट चुराने का मामला सामने आया है। पूरी घटना CCTV में कैद होने के बाद DEO ने शिक्षक को शोकॉज नोटिस जारी किया है।

विशिष्ट शिक्षक हेलमेट चोरी मामला ,शोकॉज नोटिस- फोटो : Reporter

पटना स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय नया पानापुर चिरैयाटोक पूर्वी टोला (दानापुर, पटना) में पदस्थापित विशिष्ट शिक्षक लक्ष्मी नारायण सिंह कार्यालय में अपने आवास भत्ता (HRA) की अद्यतन स्थिति जानने आए थे। लेकिन, जानकारी लेने के बाद कार्यालय से निकलते समय उन पर कार्यालय लिपिक का हेलमेट उठाकर साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगा है।


सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना

यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शिक्षक लक्ष्मी नारायण सिंह कार्यालय कर्मी श्री अमन शर्मा के टेबल के पास पहुंचे और बातचीत के बाद टेबल पर रखा उनका हेलमेट उठाकर सीधे बाहर निकल गए। जब कर्मी का हेलमेट गायब मिला और जांच की गई, तब सीसीटीवी में शिक्षक की इस हरकत की पुष्टि हुई।


सरकारी शिक्षक आचरण नियमावली के उल्लंघन का आरोप

इस घटना को जिला शिक्षा कार्यालय ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), पटना, डॉ. मो. जमाल मुस्तफा द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि शिक्षक द्वारा किया गया यह कृत्य प्रथम दृष्टया "सरकारी शिक्षक आचरण" के विपरीत और नियम विरुद्ध है। एक शिक्षक से इस प्रकार के आचरण की अपेक्षा नहीं की जाती है।

विभाग ने जारी किया कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने 22 अगस्त 2026 (पत्रांक 11197) को शिक्षक लक्ष्मी नारायण सिंह को शोकॉज (स्पष्टीकरण) नोटिस जारी किया है। उनसे पूछा गया है कि वे किस परिस्थिति में कर्मी का हेलमेट उठाकर ले गए। शिक्षक को निर्देश दिया गया है कि वे 24 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना के समक्ष सशरीर उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। तय समय पर उपस्थित न होने या संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।