पटना पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई : 95 किलो गांजा के साथ तस्कर को दबोचा

राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान मे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटना पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से तकरीबन 9.5 लाख कीमत की गांजा के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है....

पटना पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई : 95 किलो गांजा के साथ तस
भारी मात्रा में गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप को जब्त करते हुए तस्करी नेटवर्क को तगड़ा झटका दिया है।


पैजावा इलाके से 9.5 लाख का गांजा बरामद 

कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने सोनालिका नगर, पैजावा इलाके में छापेमारी कर लगभग 95 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। बाजार में बरामद किए गए इस गांजे की कुल कीमत लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस तत्परता से शहर में खपाने के लिए लाई गई नशीली पदार्थों की बड़ी खेप बरामद कर ली गई।


सुपौल का तस्कर गिरफ्तार, कार भी जब्त 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुपौल जिले के रहने वाले 29 वर्षीय मोहम्मद नजीर के रूप में हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक मारुति डिजायर कार को भी मौके से जब्त कर लिया है।


मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी पुलिस 

इस पूरी कार्रवाई के संबंध में स्थानीय थाने में मामला (केस नंबर 331/26) दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और जब्त की गई गाड़ी के कागजात व स्वामित्व की भी जांच की जा रही है।


नेटवर्क को खंगालने के लिए पूछताछ जारी 

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद नजीर से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि गांजे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे पटना में किन्हें सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे अंतरजिला तस्करी नेटवर्क के मुख्य आकाओं तक पहुँचने में जुटी है।


रंजीत की रिपोर्ट