पटना के दानापुर में बड़ी वारदात: गैस कटर से SBI का ATM काट 30 लाख ले उड़े चोर,सीसीटीवी में कैद चोर
राजधानी पटना के दानापुर अंतर्गत शाहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। ढिबरा मोड़ के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक गार्ड-रहित एटीएम को निशाना बनाते हुए चोरों ने लगभग 30 लाख रुपये की बड़ी रकम पार कर दी। हैरानी की बात यह है कि मशीन से छेड़छाड़ होते ही एसबीआई के हेड ऑफिस को अलर्ट मिल गया था और बैंक ने तुरंत पुलिस को सूचना भी दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से चंद मिनट पहले ही अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहे।
गैस कटर और स्प्रे का इस्तेमाल, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तड़के 4 बजे तीन नकाबपोश बदमाश एटीएम बूथ के भीतर दाखिल होते दिख रहे हैं। चोरों ने बेहद पेशेवर अंदाज में सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे छिड़क कर उन्हें धुंधला कर दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद, दस्ताने पहने हुए बदमाशों ने गैस कटर का उपयोग कर बड़ी ही सफाई से एटीएम के कैश चैंबर को काट डाला और भीतर रखी नकदी समेट ली।
प्रोफेशनल गैंग का काम, एएसपी और सिटी एसपी ने संभाली कमान
वारदात की गंभीरता को देखते हुए दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ और सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जिस तरीके से गैस कटर का इस्तेमाल किया गया और कम समय में इतनी बड़ी रकम निकाली गई, उससे साफ है कि यह किसी अंतर्राज्यीय या पेशेवर गिरोह का काम है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है, जो फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच कर रही है।
विशेष टीम का गठन, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शाहपुर और दानापुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है जो अपराधियों के भागने के रूट और संदिग्धों की पहचान में जुटी है। पुलिस एटीएम के बाहर लगे अन्य निजी कैमरों और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल, बैंक अधिकारियों की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई तेज करेगी। इलाके में इस तरह की दुस्साहसिक चोरी से स्थानीय व्यवसायियों और लोगों में दहशत का माहौल है।