Bihar News: पटना में कचरे से बनेगी बिजली! 515 करोड़ का यहां लगेगा मेगा प्लांट, PM मोदी करेंगे शिलान्यास
Bihar News: राजधानी समेत 13 नगर निकायों के कचरे से बिजली, बायोगैस और जैविक खाद तैयार करने की बड़ी परियोजना शुरू होने जा रही है।
Bihar News: पटना की सड़कों और मोहल्लों से निकलने वाला कचरा अब बोझ नहीं, बल्कि कमाई और ऊर्जा का जरिया बनने जा रहा है। राजधानी समेत 13 नगर निकायों के कचरे से बिजली, बायोगैस और जैविक खाद तैयार करने की बड़ी परियोजना शुरू होने जा रही है। इसके लिए रामचक बैरिया में 514.59 करोड़ रुपये की लागत से 15 मेगावाट क्षमता का वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट स्थापित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसका शिलान्यास करेंगे।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से पटना नगर निगम के अलावा दानापुर, खगौल, फुलवारीशरीफ, संपतचक, फतुहा, बख्तियारपुर, मसौढ़ी, बिहटा, मनेर, नौबतपुर, खुसरूपुर और पुनपुन नगर निकाय जुड़ेंगे। इन सभी क्षेत्रों से प्रतिदिन करीब 1600 टन कचरा रामचक बैरिया पहुंचाया जाएगा। लगभग 40 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस परिसर में कचरे की छंटाई से लेकर प्रसंस्करण और ऊर्जा उत्पादन तक की व्यवस्था होगी।
परियोजना में 15 मेगावाट बिजली उत्पादन के साथ 100 टन प्रतिदिन क्षमता का बायो-मीथेनेशन प्लांट लगाया जाएगा। यहां गीले कचरे से बायोगैस बनाई जाएगी। वहीं 700 टन प्रतिदिन क्षमता वाली कंपोस्टिंग यूनिट में जैविक खाद तैयार होगी। प्लास्टिक, कागज और धातु जैसी उपयोगी सामग्री अलग करने के लिए एमआरएफ केंद्र बनाए जाएंगे। अनुपयोगी ज्वलनशील कचरे से ईंधन तैयार होगा, जबकि बचे हुए कचरे का सुरक्षित निस्तारण सैनिटरी लैंडफिल में किया जाएगा।
इस प्लांट का निर्माण पीपीपी मॉडल के तहत होगा। पटना नगर निगम जमीन उपलब्ध कराएगा और हैदराबाद की कंपनी री-सस्टेनेबिलिटी निर्माण तथा संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी। निर्माण के लिए ढाई साल का समय निर्धारित है। इसके बाद कंपनी 20 वर्षों तक प्लांट का रखरखाव और संचालन करेगी।
कचरा पहुंचाने वाले नगर निकायों को 600 रुपये प्रति टन शुल्क देना होगा। परिवहन की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। परियोजना की निगरानी के लिए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। इस प्लांट से कचरा प्रबंधन की व्यवस्था बदलने और प्रदूषण कम करने की उम्मीद है।