Bihar Crime: बिहार में ज्वेलरी शोरूम पर लुटेरों का खतरा! करोड़ों की लूट के बाद अलर्ट, हर दुकान पर हथियारबंद पहरेदार तैनात करने का आदेश
Bihar Crime:बेतिया में ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपये के गहनों की लूट के बाद बिहार पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ....
Bihar Crime:बेतिया में ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपये के गहनों की लूट के बाद बिहार पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में ज्वेलरी शोरूम, बैंक और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा कड़ी करने का फरमान जारी किया है। सभी जिलों के एसपी को अपने-अपने इलाके में विशेष सतर्कता बरतने और थानास्तर पर शोरूम संचालकों के साथ बेहतर तालमेल बनाने का निर्देश दिया गया है।
ठंड के मौसम में चोरी, लूट और डकैती की वारदातों में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए दिन के साथ रात में भी पुलिस गश्ती तेज करने को कहा गया है। गुरुवार को डीजीपी प्रीता वर्मा और डीजी विशेष शाखा एवं एसटीएफ कुंदन कृष्णन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सभी क्षेत्रीय आइजी, डीआइजी, एसएसपी और एसपी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में ज्वेलरी शोरूम, बैंकिंग प्रतिष्ठानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत एसओपी दोबारा जारी की गई। सभी जिलों को संवेदनशील इलाकों और अपराधियों के संभावित ठिकानों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है। प्रतिष्ठानों के आसपास आने-जाने वाले रास्तों की मैपिंग कर जरूरत के मुताबिक पुलिस चेकिंग भी की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने शोरूम संचालकों को कम से कम दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात करने, डबल डोर सुरक्षा व्यवस्था अपनाने और अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी है। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उधर, बेतिया के सेनको ज्वेलरी शोरूम लूटकांड की जांच में बिहार एसटीएफ भी जुट गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में वारदात की साजिश जेल के भीतर रचे जाने की जानकारी सामने आई है। समस्तीपुर-हाजीपुर के गिरोह पर भी संदेह जताया जा रहा है।
पुलिस ने चार से पांच संदिग्ध आरोपितों की पहचान की है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी जारी है। अब पुलिस की नजर गिरोह के बाकी सदस्यों और लूट की साजिश में शामिल लोगों तक पहुंचने पर है।