Bihar Crime: थाने में ही चोरी करने घुसा चोर! घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, हैरान रह गए पुलिसकर्मी

Bihar Crime; मुजफ्फरपुर में एक चोर का ऐसा दुस्साहस सामने आया है, जिसे जानकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

Bihar Crime: थाने में ही चोरी करने घुसा चोर! घंटों चला हाईवो
थाने में ही चोरी करने घुसा चोर!- फोटो : X

Bihar Crime:  मुजफ्फरपुर में एक चोर का ऐसा दुस्साहस सामने आया है, जिसे जानकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। चोरी करने के लिए चोर किसी सुनसान जगह या घर में नहीं, बल्कि सीधे थाने के अंदर पहुंच गया। दिनदहाड़े थाना परिसर में घुसकर जब्त गाड़ी की बैटरी खोलने लगा। हालांकि, उसकी यह हरकत ज्यादा देर तक छिपी नहीं रह सकी। पुलिसकर्मी की नजर पड़ते ही चोर ने भागने की कोशिश की और फिर जंगल में ऐसा ड्रामा हुआ कि पूरे इलाके में हलचल मच गई।

मामला मुजफ्फरपुर के सदर थाना परिसर का है। बताया जा रहा है कि एक शख्स दिनदहाड़े थाना परिसर में दाखिल हुआ और वहां जब्त करके रखी गई गाड़ी की बैटरी निकालने लगा। उसे शायद अंदाजा नहीं था कि जिस जगह वह चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचा है, वहां हर वक्त पुलिस की मौजूदगी रहती है।

इसी दौरान एक पुलिसकर्मी की नजर उस पर पड़ गई। पुलिस को देखते ही आरोपी के होश उड़ गए। पकड़े जाने के डर से वह थाना परिसर की बाउंड्री फांदकर पीछे स्थित जंगल की तरफ भाग निकला। अचानक हुई इस हरकत से पुलिसकर्मी भी सक्रिय हो गए।

इसके बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जंगल की घेराबंदी कर दी। पुलिस की टीम ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद जंगल में छिपे आरोपी को आखिरकार दबोच लिया गया।फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके संभावित साथियों और चोरी की अन्य वारदातों में संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा