Patna Tourism: पटना घूमने के लिए पर्यटन विभाग का खास तोहफा, इतने रुपये से शुरू होंगे एक दिवसीय टूर पैकेज

Patna Tourism: पटना के ऐतिहासिक वैभव, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्ता से पर्यटकों को परिचित कराने के लिए पर्यटन विभाग ने विशेष पहल की है। ....

पर्यटन विभाग का खास तोहफा- फोटो : social Media

Patna Tourism: पटना के ऐतिहासिक वैभव, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्ता से पर्यटकों को परिचित कराने के लिए पर्यटन विभाग ने विशेष पहल की है। अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और स्थानीय नागरिक एक ही दिन में पटना के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) ने इसके लिए तीन विशेष एक दिवसीय टूर पैकेज शुरू किए हैं। इन पैकेजों को स्कूली विद्यार्थियों, सप्ताहांत में घूमने की योजना बनाने वाले परिवारों और धार्मिक पर्यटन में रुचि रखने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

इन टूर पैकेजों के माध्यम से पर्यटकों को कम समय में शहर की ऐतिहासिक पहचान, धार्मिक परंपराओं और आधुनिक पर्यटन स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि भ्रमण के दौरान परिवहन, नाश्ता, दोपहर और रात्रि का भोजन, चाय-कॉफी, पेयजल, स्मारकों का प्रवेश शुल्क और प्रशिक्षित गाइड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पर्यटकों की सुरक्षा और सहूलियत के लिए पर्यटन पुलिस की व्यवस्था भी पैकेज में शामिल है।

स्कूली बच्चों के लिए खास पटना दर्शन पैकेज

विद्यार्थियों को बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए विशेष पटना दर्शन पैकेज तैयार किया गया है। इसके तहत बच्चे पटना चिड़ियाघर, गवर्नर हाउस, सचिवालय, इको पार्क और बिहार म्यूजियम का भ्रमण करेंगे। इसके बाद गोलघर, गांधी संग्रहालय, सभ्यता द्वार, साइंस सेंटर और बुद्ध स्मृति पार्क देखने का अवसर मिलेगा।इस पैकेज का शुल्क डीलक्स एसी बस और डेकर एसी बस से यात्रा करने पर 2,000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। ट्रैवलर से यात्रा करने पर भी यही शुल्क लागू होगा। वहीं, इनोवा और एटियोस से भ्रमण करने के लिए 2,500 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे। अलग-अलग वाहनों के लिए न्यूनतम यात्रियों की संख्या भी निर्धारित की गई है।

वीकेंड पैकेज में इतिहास और सिख विरासत का दीदार

सप्ताहांत में परिवार और मित्रों के साथ पटना घूमने की इच्छा रखने वालों के लिए वीकेंड टूर पैकेज भी आकर्षण का केंद्र होगा। इसमें पटना चिड़ियाघर, बिहार म्यूजियम और गोलघर के साथ सिख धर्म की ऐतिहासिक विरासत से जुड़े प्रमुख स्थल शामिल किए गए हैं।पर्यटक तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब, प्रकाश पुंज, बाल लीला और मंगल तालाब का भ्रमण कर सकेंगे। इसके अलावा शहर में आयोजित लेजर लाइट शो देखने और राजधानी के प्रमुख हिस्सों की सैर करने का अवसर भी मिलेगा। इस पैकेज का शुल्क स्कूली बच्चों वाले पटना दर्शन पैकेज के समान निर्धारित किया गया है।

धार्मिक पर्यटन के लिए अलग व्यवस्था, 1500 रुपये से यात्रा

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष धार्मिक टूर पैकेज तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत महावीर मंदिर, इस्कॉन मंदिर, शीतला माता मंदिर, बड़ी पटन देवी, अगम कुआं, छोटी पटन देवी और जल्ला हनुमान मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।इस यात्रा में सिख धर्म के पवित्र तीर्थ तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में लंच की व्यवस्था भी शामिल है। धार्मिक टूर के लिए डीलक्स एसी बस और डेकर एसी बस का किराया 1,500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। वहीं, ट्रैवलर से यात्रा करने पर 1,600 रुपये प्रति व्यक्ति भुगतान करना होगा।

ऑनलाइन और फोन से करा सकते हैं बुकिंग

इन तीनों पर्यटन पैकेजों की बुकिंग और विस्तृत जानकारी के लिए पर्यटक बिहार पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट www.tourism.bihar.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं।इसके अलावा 8544418314 और 8544418408 पर फोन करके जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इच्छुक पर्यटक ttbstdc@gmail.com पर ई-मेल भी भेज सकते हैं।पर्यटन विभाग की इस पहल से पटना में धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर उन लोगों के लिए ये पैकेज सुविधाजनक साबित हो सकते हैं, जो कम समय और निर्धारित बजट में राजधानी के प्रमुख स्थलों का भ्रमण करना चाहते हैं।