पटना में 10 अगस्त को तिरंगा यात्रा, ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, कई सड़कों पर नो-एंट्री, सीएम सम्राट होंगे भी होंगे शामिल

तिरंगा यात्रा के कारण यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोमवार सुबह यानी 10 अगस्त क यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित सड़कों पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Tiranga Yatra Patna - फोटो : news4nation

Tiranga Yatra Patna :  पटना में सोमवार सुबह जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। यात्रा के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, जबकि कुछ सड़कों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था में यह बदलाव सुबह 7 बजे से तिरंगा यात्रा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है।


यातायात पुलिस के अनुसार डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक का रास्ता मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कारकेड के लिए आरक्षित रहेगा। इस अवधि में आम वाहनों को इस मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही तिरंगा यात्रा के मद्देनजर कई अन्य प्रमुख सड़कों पर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जाएगी।


गांधी मैदान में होगी पार्किंग की व्यवस्था

तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग गांधी मैदान में की जाएगी। आम नागरिकों के लिए गांधी मैदान के गेट नंबर 1 और 13 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी, जबकि गेट नंबर 12 मुख्यमंत्री के प्रवेश के लिए आरक्षित रहेगा। वोल्टास मोड़ से उत्तर की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग और बुद्ध मार्ग के रास्ते पुलिस लाइन तिराहा की ओर जा सकेंगे। आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ के नीचे स्थित गोलंबर से गांधी मैदान की ओर जाने वाले फ्लैंक पर केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को आने की अनुमति होगी।


पटना जंक्शन से वैकल्पिक मार्ग

पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर आने वाले ऑटो को डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य मोड़ और एक्जीविशन रोड के रास्ते भेजा जाएगा। इसके बाद सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए वाहन पटना जंक्शन लौट सकेंगे। एक्जीविशन रोड से उत्तर की तरफ गांधी मैदान तथा गोरियाटोली से गांधी मैदान की ओर व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।


नगर बसों और पटना सिटी के ऑटो का रूट डायवर्ट

इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली नगर बसें गांधी चौराहा, मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी, सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन जाएंगी। वापसी में भी यही मार्ग इस्तेमाल किया जाएगा। पटना सिटी से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट और बारी पथ होते हुए खजांची रोड तक पहुंचेंगे। वापसी में खजांची रोड से अशोक राजपथ होते हुए गायघाट की तरफ जाएंगे।


मालवाहक वाहनों के लिए भी बदला गया रूट

व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों के परिचालन को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। चिरैयाटाड़ और गोरियाटोली की ओर मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा मीठापुर से बुद्ध मार्ग तथा आर-ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की दिशा में भी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।


यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोमवार सुबह यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित सड़कों पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन रूट का ही इस्तेमाल करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।