Patna Traffic: पटना में घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक अलर्ट, 11 बजे से कई सड़कें बंद, जानें रूट डायवर्जन और पार्किंग की पूरी व्यवस्था

Patna Traffic: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।...

घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक अलर्ट- फोटो : X

Patna Traffic: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में भारी भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट की संभावना को देखते हुए गांधी मैदान के आसपास की प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है। यह प्रतिबंध 20 अक्टूबर की सुबह 11 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस, अन्य आपातकालीन वाहनों और वैध पासधारक वाहनों को निर्धारित नियमों के तहत आने-जाने की अनुमति होगी।

अशोक राजपथ और बुद्ध मार्ग पर पाबंदी

अशोक राजपथ पर गोविंद मित्रा रोड मोड़ से पश्चिम कारगिल चौक की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। बुद्ध मार्ग पर कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहे तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले सभी मार्ग बंद रहेंगे। ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।

डाकबंगला से गांधी मैदान जाने वालों को होगी परेशानी

यातायात व्यवस्था के तहत डाकबंगला चौराहे और भट्टाचार्य मोड़ से गांधी मैदान की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। डाकबंगला चौराहे से वाहनों को न्यू डाकबंगला रोड और भट्टाचार्य मोड़ से राजेंद्र पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।नेहरू पथ से गांधी मैदान की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से मोड़ दिया जाएगा। रिक्शा, ठेला और ऑटो को भी आयकर गोलंबर से दाहिने वीरचंद पटेल पथ की ओर भेजा जाएगा।जेपी गंगा पथ पर आयुक्त कार्यालय के सामने गोलंबर से गांधी मैदान की ओर तथा रामगुलाम चौक से पश्चिम जेपी गोलंबर की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क तक का मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा।

इसके अलावा ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से पश्चिम गांधी मैदान की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। आईएमए हॉल, होटल पनास, ट्विन टावर और मौर्या होटल के पास स्थित कटिंग से भी गांधी मैदान की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।

पटना जंक्शन जाने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल

यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

पटना सिटी से पटना जंक्शन: अशोक राजपथ से आने वाले वाहन गांधी चौक, भिखना पहाड़ी मोड़, बारी पथ, मछुआटोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड, अप्सरा गोलंबर और सीडीए बिल्डिंग होते हुए पटना जंक्शन पहुंच सकेंगे।

दानापुर से आने वाले वाहन: गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहन राजापुर पुल से बाईं ओर मुड़कर बोरिंग रोड चौराहे की ओर जा सकेंगे।

पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर: वाहन डाकबंगला, न्यू डाकबंगला रोड, भट्टाचार्य चौराहा, सीडीए बिल्डिंग और गोरियाटोली के रास्ते जा सकेंगे।

इन जगहों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

रावण वध कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग के लिए कई स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें जेपी गंगा पथ का एक फ्लैंक, मौर्यालोक परिसर, वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन और हार्डिंग रोड पर जीपीओ से आर ब्लॉक चौराहे तक सड़क के किनारे दोनों फ्लैंक में एक लेन शामिल है।इसके अलावा एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट परिसर और ज्ञान भवन के अंदर भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। एसबीआई परिसर में केवल पासधारक वाहनों को पार्किंग की अनुमति दी जाएगी।

ट्रैफिक एसपी ने लोगों से की अपील

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार ने बताया कि रावण वध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के साथ वीवीआईपी भी गांधी मैदान पहुंचेंगे। इसे देखते हुए गांधी मैदान के चारों ओर आने वाली प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 20 अक्टूबर को गांधी मैदान के आसपास जाने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर लें। अनावश्यक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

ब्यूरो रिपोर्ट