पटना में तिरंगा यात्रा का जोश, जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक CM सम्राट ने थामा तिरंगा, 14 अगस्त तक मंडलों में चलेगा अभियान

Patna Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के रंग में रंगे पटना में सोमवार, 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

पटना में तिरंगा यात्रा का जोश- फोटो : reporter

Patna Tiranga Yatra:  स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के रंग में रंगे पटना में सोमवार, 10 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत सुबह 10:30 बजे जेपी गोलंबर से हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इसमें शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक करीब 1.5 किलोमीटर पैदल चले।

तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मंत्री दिलीप जायसवाल और मिथिलेश तिवारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का काफिला गांधी मैदान के गेट नंबर-12 से परिसर में दाखिल हुआ।

‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। पटना में मुख्य तिरंगा यात्रा के बाद 14 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

तिरंगा यात्रा को लेकर राजधानी में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। प्रशासन के अनुसार सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और बुद्धमार्ग से जुड़े कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रही। हालांकि, आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई।

पटना जंक्शन की ओर से आने वाले वाहनों को डाकबंगला चौराहे से पूरब की ओर मोड़कर भट्टाचार्या चौक और पीरमुहानी होते हुए नाला रोड की तरफ भेजने की व्यवस्था की गई।वहीं, एग्जीबिशन रोड की तरफ से आने वाले वाहनों को बिग बाजार के पास कटिंग से वापस भट्टाचार्या चौक की ओर डायवर्ट किया गया।तिरंगा यात्रा के दौरान राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए। यात्रा के जरिए स्वतंत्रता दिवस से पहले पटना में राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के प्रति सम्मान का संदेश देने की कोशिश की गई।

रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह