Patna Women College: पटना वीमेंस कॉलेज में सत्र 2026-27 के लिए नामांकन शुरू, जानिए पूरी प्रक्रिया

Patna Women College: पटना वीमेंस कॉलेज में सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और पीजी डिप्लोमा कोर्स में नामांकन शुरू, जानिए आवेदन प्रक्रिया और तिथियां।

पटना वीमेंस कॉलेज एडिमन प्रोसेस शुरू- फोटो : social media

Patna Women College: पटना वीमेंस कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जो छात्राएं इस कॉलेज में पढ़ाई करना चाहती हैं, वे कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। कॉलेज प्रशासन ने बताया है कि आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 मार्च 2026 तय की गई है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए सामान्य पाठ्यक्रमों का शुल्क 1500 रुपये रखा गया है। वहीं एमए होम साइंस पाठ्यक्रम के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये तय किया गया है। छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन जरूर पूरा कर लें।

इस वर्ष नामांकन की प्रक्रिया मेरिट लिस्ट, प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर पूरी की जाएगी। कुछ व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन इंटरव्यू लिया जाएगा। इनमें एमसीए, बीकॉम (अकाउंटिंग एंड फाइनेंस और प्रोफेशनल टैक्सेशन), बीसीए, बीबीए और बीएससी (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस) शामिल हैं।

इसके अलावा एमएससी जूलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी और एमए अंग्रेजी में नामांकन के लिए 30 मई को ऑनलाइन साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने साफ किया है कि एमएससी फिजिक्स, एमए के कई विषय जैसे इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, भूगोल, एप्लाइड साइकोलॉजी, होम साइंस और सोशल वर्क में बिना किसी प्रवेश परीक्षा के सीधे नामांकन होगा। सभी पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

कॉलेज की ओर से पहली मेरिट सूची 26 मई से 1 जून के बीच जारी की जाएगी। स्नातक पाठ्यक्रमों में सामान्य वर्ग की छात्राओं के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी रखे गए हैं। वहीं आरक्षित वर्ग की छात्राओं को 5 प्रतिशत अंकों की छूट दी जाएगी।

कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं से अपील की है कि वे नामांकन से जुड़ी सभी जानकारी कॉलेज की वेबसाइट से ही प्राप्त करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सही समय पर आवेदन करने से नामांकन प्रक्रिया आसान हो जाएगी।