Bihar News:बिहार में झाड़ियों से निकला मौत का साया! बाघ ने किया हमला तो ढाल बनकर भिड़ गईं 3 भैंसें, युवक लहूलुहान

बाघ के इस खूनी हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन भैंसें भी उसके पंजों का शिकार बन गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।...

Tiger Attacks Youth 3 Buffaloes Fight Back
बिहार में झाड़ियों से निकला मौत का साया- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण के गौनाहा प्रखंड के शेरवा मंडीहा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेत की ओर गए एक युवक पर बाघ ने अचानक धावा बोल दिया। बाघ के इस खूनी हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन भैंसें भी उसके पंजों का शिकार बन गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत राज धनौजी के शेरवा मंडीहा निवासी भूपेंद्र कुमार सुबह खेत की तरफ गए थे। तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक छलांग लगा दी। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, बाघ ने कमर और पेट पर पंजों से वार कर दिया। गहरे जख्मों से लहूलुहान भूपेंद्र मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और शोर मचाकर किसी तरह बाघ को खदेड़ा। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण घायल युवक को टेम्पू से करीब साढ़े बारह बजे गौनाहा रेफरल अस्पताल ले गए। वहां डॉ. सचिन कुमार ने तुरंत इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के जख्मों पर टांके लगाए गए हैं और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन सदमे और दहशत का असर साफ दिख रहा है।

हमले के दौरान बाघ ने पास में बंधी तीन भैंसों पर भी हमला कर दिया, जिससे वे भी जख्मी हो गईं। पशुओं का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है। गांव में दहशत इस कदर है कि लोग खेत-खलिहान जाने से भी डर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पगमार्क की पहचान में जुट गई है। मुखिया प्रदीप पंजियार ने वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने और बाघ को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में बाघ की हलचल पहले भी देखी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अब लोग सवाल उठा रहे हैं क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? फिलहाल शेरवा मंडीहा में हर आहट पर लोगों की धड़कनें तेज हो रही हैं, और ‘मौत का साया’ अभी भी आसपास मंडराने की आशंका बनी हुई है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार