Bihar Road Accident: एक साथ बुझ गए एक घर के तीन चिराग, कटहार पुल पर दर्दनाक हादसा, तिलक से लौट रहे थे, मौत ने रास्ता रोक लिया!
Bihar Road Accident: बिहार में खुशियों का कारवां कुछ ही पलों में मातम के मंजर में बदल गया।....
Bihar Road Accident: बिहार में खुशियों का कारवां कुछ ही पलों में मातम के मंजर में बदल गया। नालंदा के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कटहार पुल के पास हुए खौफनाक सड़क हादसे ने , जहानाबाद के टेनी बिगहा गांव को गहरे सदमे में डुबो दिया। एक ही परिवार के तीन जवान बेटों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट डिजायर कार अचानक बेकाबू होकर पुल की दीवार से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने स्टीयरिंग मोड़ा, लेकिन रफ्तार की रौ में गाड़ी ने नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, शीशे चकनाचूर हो गए और अंदर बैठे युवक लहूलुहान हो गए। मंजर ऐसा था मानो सड़क पर मौत ने घात लगाकर वार किया हो।
हादसे में रोहित कुमार, सोनू कुमार और उदेश कुमार की मौके पर ही या अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मौत हो गई। वहीं सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि सभी युवक आपस में गोतिया भाई थे और तिलक समारोह से लौट रहे थे। घर में जहां कुछ घंटे पहले तक शहनाई और खुशियों की गूंज थी, वहीं अब चीख-पुकार और मातम का सन्नाटा पसरा है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही तीनों शव गांव पहुंचे, परिजनों का कलेजा फट पड़ा। माताओं की सिसकियां और पिता की टूटती आवाजें माहौल को गमगीन कर गईं।घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से गांव में मातमी सन्नाटा है। तिलक की खुशियां देखते ही देखते जनाजे के साए में बदल गईं और पीछे छोड़ गईं आंसुओं से भीगी एक लंबी, दर्दनाक दास्तान।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय