Pawan Singh: कोर्ट में फिर नहीं पहुंचे पवन सिंह, ज्योति ने जताई नाराजगी

Pawan Singh: बिहार से विधान परिषद सदस्य पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे भरण-पोषण विवाद में गुरुवार को सुनवाई हुई।

कोर्ट में फिर नहीं पहुंचे पवन सिंह- फोटो : X

Pawan Singh: उत्तर प्रदेश के बलिया में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के वैवाहिक विवाद की कानूनी लडाई लंबी खिंचती जा रही है। भरण-पोषण से जुडे इसी मामले में गुरुवार को पारिवारिक न्यायालय में सुनवाई हुई। ज्योति सिंह निर्धारित समय पर अदालत पहुंचीं, लेकिन पवन सिंह ने इस बार भी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना उचित नहीं समझा। अभिनेता की लगातार अनुपस्थिति अब ज्योति सिंह की नाराजगी का प्रमुख कारण बन गई है।

दोपहर करीब डेढ बजे ज्योति सिंह न्यायालय पहुंचीं और कुछ देर तक अदालती कार्यवाही में शामिल रहीं। करीब 15 मिनट बाद वह परिसर से बाहर निकलीं। सुनवाई के दौरान पवन सिंह की ओर से उनके अधिवक्ता हरिवंश ने तीन हजार रुपये के हर्जाने का ड्राफ्ट अदालत में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए तीन दिसंबर, 2026 की तारीख तय की है।

अदालत से बाहर निकलने के बाद ज्योति सिंह ने पवन सिंह की अनुपस्थिति पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि न्यायालय की ओर से बार-बार बुलाए जाने के बावजूद पवन सिंह उपस्थित नहीं हो रहे हैं। उनका आरोप है कि इस रवैये से ऐसा लगता है, जैसे उन्हें न्यायिक प्रक्रिया की गंभीरता का एहसास ही नहीं है। ज्योति ने कहा कि उन्हें इस बात का भी दुख है कि बिहार से विधान परिषद सदस्य होने के बावजूद पवन सिंह अपने पद की प्रतिष्ठा के अनुरूप आचरण नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने सरकार से भी सवाल किया कि जब एक महिला लंबे समय से न्याय पाने के लिए अदालतों के चक्कर लगा रही है, तब उसकी परेशानी पर किसी का ध्यान क्यों नहीं जा रहा। ज्योति के मुताबिक, राजनीतिक मंचों से बेटियों को आगे बढाने की बातें होती हैं, लेकिन उनके मामले में संवेदनशीलता दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने पवन सिंह की पद पर बने रहने की पात्रता पर भी सवाल उठाया।

दूसरी ओर, पवन सिंह के अधिवक्ता हरिवंश का कहना है कि मुकदमे की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत चल रही है। ज्योति सिंह की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने का क्रम पूरा होने के बाद पवन सिंह को अपने पक्ष के साक्ष्य देने के लिए अदालत में उपस्थित होना होगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय में किसी का रसूख काम नहीं आता।

उल्लेखनीय है कि ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल, 2022 को अंतरिम भरण-पोषण की मांग करते हुए बलिया पारिवारिक न्यायालय में याचिका दायर की थी। इससे पहले पवन सिंह ने आरा की अदालत में तलाक का मुकदमा दायर किया था। दोनों के बीच समझौते के लिए न्यायालय ने परामर्श की प्रक्रिया भी अपनाई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका। मामला अभी न्यायिक विचाराधीन है।