Bihar Politics: नीतीश चाचा के घर छठ का प्रसाद खाने जाएंगी रोहिणी, विपक्षी एकजुटता की अपील से बिहार की सियासत में हलचल, फिर पलटेंगे नीतीश!

Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए उनके आवास पर छठ का खरना प्रसाद खाने जाने की इच्छा जाहिर की है।

Bihar Politics: नीतीश चाचा के घर छठ का प्रसाद खाने जाएंगी रो
: नीतीश चाचा के घर छठ का प्रसाद खाने जाएंगी रोहिणी- फोटो : X

Bihar Politics:छठ महापर्व के पारंपरिक उल्लास के बीच बिहार की राजनीति में एक बार फिर नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए उनके आवास पर छठ का खरना प्रसाद खाने जाने की इच्छा जाहिर की है। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों को नया आधार दे दिया है। खास बात यह है कि उन्होंने भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी विपक्षी दलों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान भी किया है।

गुरुवार को छठ महापर्व में शामिल होने पटना पहुंचीं रोहिणी आचार्या ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करना समय की मांग है। इसके लिए विपक्षी दलों को एक मंच पर आना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर साझा रणनीति बनाने की जरूरत है।

नीतीश कुमार के आवास पर जाने से संबंधित सवाल पर रोहिणी ने सहज अंदाज में कहा कि वह उनके घर जरूर जाएंगी। उन्होंने कहा, ''क्यों नहीं जाएंगे, वे मेरे चाचा हैं। छठ में खरना का प्रसाद खाने उनके घर जाऊंगी।'' उनके इस बयान को बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोडकर देखा जा रहा है।

रोहिणी ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों का मनोबल बढा हुआ है। स्थिति यह है कि पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं और उन पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ मामलों में पुलिसकर्मी ही आम लोगों के साथ मारपीट कर रहे हैं। उनके अनुसार, आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

दरअसल, बिहार में संभावित राजनीतिक उलटफेर की चर्चाओं को राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बयान से भी हवा मिली है। विधान परिषद चुनाव के बाद जदयू और भाजपा के बीच कथित खींचतान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा था कि राज्य में बडा खेला होने वाला है। निर्दलीय विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की जीत तथा उनके भाजपा खेमे में जाने को लेकर भी उन्होंने राजनीतिक संकेत दिए थे।

इसी पृष्ठभूमि में विपक्ष की ओर से नीतीश कुमार के संभावित फैसले को लेकर लगातार बयान दिए जा रहे हैं। हालांकि, एनडीए में किसी बडे राजनीतिक बदलाव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि रोहिणी आचार्या गुरुवार को अपने पिता लालू प्रसाद यादव के साथ भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं। इस दौरान सामने आई एक तस्वीर ने भी राजनीतिक चर्चा को दिलचस्प बना दिया। तस्वीर में रोहिणी आचार्या, सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के साथ एक ही सोफे पर बैठी दिखाई दे रही हैं। छठ के मौके पर दिए गए बयान और इस तस्वीर ने बिहार की सियासत में नए कयासों का सिलसिला शुरू कर दिया है।