Bihar Diwas 2026: PM मोदी और CM सीएम नीतीश ने बिहार दिवस की दी शुभकामनाएं, बिहारवासियों के लिए किया बड़ा ऐलान

Bihar Diwas 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश ने बिहार दिवस को लेकर बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी। पटना के गांधी मैदान में आज से बिहार दिवस को लेकर 3 दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी।

पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने दी बधाई - फोटो : News4nation

Bihar Diwas 2026: बिहार आज अपनी स्थापना की वर्षगांठ मना रहा है। बिहार दिवस के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष समारोह की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण की झलक देखने को मिलेगी। वहीं बिहार दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य और विकास के संकल्प को दोहराया।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बिहार दिवस पर राज्य के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय विरासत को गौरव प्रदान करने वाला बिहार आज विकास के नए अध्याय लिख रहा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य के मेहनती और ऊर्जावान लोग विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

सीएम नीतीश का खास संदेश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है और वर्तमान में सरकार दृढ़ निश्चय के साथ राज्य का उज्ज्वल भविष्य तैयार कर रही है। उन्होंने समृद्ध बिहार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी लोगों से मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से बिहार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा।

गांधी मैदान में होगा भव्य कार्यक्रम 

बिहार दिवस को लेकर आज से गांधी मैदान में तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी। कार्यक्रम का उद्घाटन शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। आयोजन में बॉलीवुड कलाकारों की भी भागीदारी रहेगी, जहां शान और पापोन जैसे लोकप्रिय गायक प्रस्तुति देंगे। 22 मार्च को पहले दिन मुख्य मंच पर सोना महापात्रा की प्रस्तुति होगी। वहीं श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा ओडिसी नृत्य में रमिंदर खुराना और प्राची लल्वी साहू अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। रविंद्र भवन में लोकगीतों की प्रस्तुति के साथ भोजपुरी रंगमंच के जनक भिखारी ठाकुर की प्रसिद्ध कृति ‘गबरघिचोर’ का मंचन भी किया जाएगा।

दूसरे दिन शान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

23 मार्च को मुख्य आकर्षण के रूप में गायक शान प्रस्तुति देंगे। श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुदीपा घोष द्वारा ‘बुद्धचरित’ पर आधारित नृत्य नाटिका के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन और संदेश को दर्शाया जाएगा। रविंद्र भवन में प्रसिद्ध हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा की टीम द्वारा कवि सम्मेलन आयोजित होगा, साथ ही ‘वैजयंती’ नाटक का मंचन भी किया जाएगा।

अंतिम दिन पापोन का लाइव परफॉर्मेंस

24 मार्च को समापन दिवस पर गायक पापोन गांधी मैदान में प्रस्तुति देंगे, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। करीब 15 हजार वर्गफुट में बने ‘धरोहर दर्शन’ पवेलियन में बिहार की पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति और विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यहां लहठी और सुजनी जैसी लोक कलाओं का प्रदर्शन होगा। महिला उद्यमियों और जीविका समूहों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।