Patna petrol pump: पटना के पेट्रोल पंपों पर नई लिमिट! बाइक में 300 और कार में 1000 तक ही मिलेगा तेल

Patna petrol pump: पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद पटना के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की लिमिट तय की गई है। कुछ जगहों पर बोतल और ड्रम में पेट्रोल देने पर रोक लगी है।

पटना में तेल संकट की आहट?- फोटो : freepik

 Patna petrol pump:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील के बाद अब पटना में इसका असर दिखाई देने लगा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन देने की सीमा तय कर दी गई है। कुछ जगहों पर नोटिस बोर्ड लगाए गए हैं, जबकि कुछ पंपों पर बोतल, गैलन और ड्रम में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। इससे आम लोगों में थोड़ी चिंता और भ्रम की स्थिति भी बन गई है।

पटना के शगुना मोड़ स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाले मुकेश सिंह अपनी बाइक में 502 रुपये का पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। लेकिन पंप कर्मी ने उनकी बाइक में केवल 302 रुपये का पेट्रोल डाला और बाकी 200 रुपये वापस कर दिए। जब उन्होंने ज्यादा पेट्रोल डालने को कहा, तो कर्मी ने वहां लगे नोटिस बोर्ड की तरफ इशारा किया। इस पर मुकेश सिंह ने मजाक में कहा, “पेट्रोल बचाने के चक्कर में मेडिकल व्यवस्था नहीं बचेगी।”

प्रभात सर्विस स्टेशन पर नोटिस

शगुना मोड़ के पास स्थित प्रभात सर्विस स्टेशन पर एक नोटिस लगाया गया है। इसमें लिखा है कि पेट्रोल और डीजल की सीमित उपलब्धता को देखते हुए टू-व्हीलर में 300 रुपये तक, फोर-व्हीलर में 1000 रुपये तक और भारी वाहनों में 3000 रुपये तक का ही ईंधन दिया जाएगा। साथ ही बोतल, गैलन और ड्रम में पेट्रोल-डीजल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।इसी इलाके में हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एक पेट्रोल पंप बंद मिला। वहां बांस लगाकर रास्ता बंद किया गया था। कर्मचारियों ने बताया कि पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने की वजह से पंप बंद किया गया है। थोड़ा आगे इंडियन ऑयल का ऋत्विक पेट्रो शॉपी पेट्रोल पंप है। यहां कोई नोटिस बोर्ड नहीं लगाया गया है, लेकिन कर्मचारियों ने बताया कि बोतल, ड्रम और गैलन में पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। हालांकि गाड़ियों में पेट्रोल देने को लेकर कोई सख्त सीमा नहीं है। जरूरतमंद लोगों को पूरा पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि ज्यादा मात्रा में पेट्रोल लेने वालों पर नजर रखी जा रही है।

कई पेट्रोल पंपों पर अलग कहानी

भारत पेट्रोलियम के एक अन्य पेट्रोल पंप पर सिर्फ बोतल और ड्रम में पेट्रोल देने पर रोक है। वहां गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवाने पर कोई सीमा तय नहीं की गई है। गोला रोड के कई पेट्रोल पंपों पर भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। हालांकि शहर के अंदरूनी इलाकों जैसे बोरिंग रोड, डाकबंगला, कंकड़बाग और बाइपास में पेट्रोल-डीजल पर किसी तरह की रोक नहीं दिखी। कई पंपों पर नए स्टॉक की सप्लाई भी पहुंचती नजर आई।

मोदी जी ने कहा है तो मानना पड़ेगा

प्रभात सर्विस स्टेशन के धर्मेंद्र ने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद लोगों को ईंधन बचाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी वजह से कुछ सीमाएं तय की गई हैं। वहीं ऋत्विक पेट्रो शॉपी के प्रबंधक मनीष ने कहा कि उनके यहां पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और जरूरतमंद लोगों को बिना सीमा के पेट्रोल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ बोतल और डिब्बों में पेट्रोल देने पर रोक लगाई गई है। पेट्रोल भरवाने पहुंचे शिवम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पेट्रोल कम इस्तेमाल करने की बात कही है, इसलिए वह भी कम पेट्रोल भरवा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने कहा है तो मानना पड़ेगा।” एक अन्य वाहन चालक ने बताया कि उन्होंने फिलहाल अपनी गाड़ी की टंकी फुल करवा ली है, क्योंकि उन्हें आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की स्थिति को लेकर चिंता है।