पीएम मोदी खुली जीप में गमछा लहराते हुए वैशाली की जनसभा में पहुंचे, तिरंगा लहराकर अनोखे अंदाज में हुआ स्वागत

वैशाली की इस जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया जाना है।

PM Modi Bihar Visit- फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे के तहत शनिवार दोपहर करीब 2 बजे वैशाली की जनसभा में पहुंच गए। जनसभा स्थल पर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री खुली जीप में सवार होकर हाथ हिलाते हुए मंच तक पहुंचे। इस दौरान सभा परिसर में मौजूद लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका अभिवादन किया। पूरा परिसर ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा। प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। उनके साथ जीप में मुख्यमत्री सम्राट चौधरी और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।


पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त मुलाकात और बातचीत हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए। अब वैशाली की जनसभा पर सबकी निगाहें टिकी हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार की धरती पर पीएम मोदी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए उन्हें गर्व हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार आगमन राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।


अब जनसभा से बिहार को बड़ी सौगात देने की तैयारी

वैशाली की इस जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार को करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। कार्यक्रम में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित किया जाना है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने और महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। 

 

इसके अलावा प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि करीब 14,450 करोड़ रुपये की योजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें सड़क, बिजली, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। बक्सर थर्मल पावर परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई भी कार्यक्रम की प्रमुख सौगातों में है। 

 

्रधानमंत्री 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा। अब सबकी नजर प्रधानमंत्री के संबोधन पर है, जिसमें बिहार के विकास, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा आने वाले समय के रोडमैप को लेकर उनकी बातों पर खास ध्यान रहेगा।