पटना पुस्तक मेला 2026: 4 से 15 दिसंबर तक गांधी मैदान में सजेगा साहित्य का महाकुंभ, भूमि पूजन शुरू

पटना के गांधी मैदान में 4 से 15 दिसंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले सीआरडी पटना पुस्तक मेले के लिए भूमि पूजन के साथ तैयारी शुरू हो गई है। 500 से अधिक कार्यक्रम, 200 स्टॉल और पहली बार 'बुक गाइड' इस मेले की खासियत होंगे।

Patna Book Fair 2026
पटना पुस्तक मेला 2026: 4 से 15 दिसंबर तक गांधी मैदान में सजेगा साहित्य का महाकुंभ- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 4 से 15 दिसंबर, 2026 तक सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से भव्य पटना पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को विधि-विधान से भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया। सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं चर्चित साहित्यकार रत्नेश्वर ने बताया कि 42 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाला यह मेला इस वर्ष बिहार गीत के रचयिता लोककवि श्री सत्यनारायण को समर्पित रहेगा, जिसकी थीम 'जॉय ऑफ रीडिंग, बियॉन्ड बुक्स' रखी गई है।



पहली बार दिखेंगे 'बुक गाइड', 200 स्टॉलों पर जुटेंगे देश के नामी प्रकाशक


इस बार मेले में 200 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें राजकमल, वाणी, प्रभात, ज्ञानपीठ, साहित्य अकादमी, एनबीटी, रेखता फाउंडेशन और हिंद युग्म सहित देश के प्रमुख प्रकाशक हिस्सा लेंगे। मेले की सबसे अनूठी पहल 'बुक गाइड' होगी, जिसका संयोजन आनंद कुमार करेंगे। पर्यटन स्थलों के गाइड की तर्ज पर ये बुक गाइड रील क्रिएटर्स, छात्रों और आम पाठकों को विभिन्न प्रकाशकों की नई किताबों, लेखकों से सीधा संवाद करने और ऑटोग्राफ लेने में मदद करेंगे।


युवाओं के लिए 'शब्दांकुर', 'चिट्ठियाँ' और 'यूथ पोडियम' जैसे खास मंच



युवाओं और विद्यार्थियों को साहित्य व रचनात्मकता से जोड़ने के लिए कई विशेष कार्यक्रम तय किए गए हैं। 'शब्दांकुर' में युवा रचनाकार अपनी कविता, कहानी व व्यंग्य प्रस्तुत करेंगे, जहां तीन जजों और ऑडियंस पोल के जरिए सर्वश्रेष्ठ रचनाकार को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, डॉ. विमलेंदु के साथ 'चिट्ठियाँ' कार्यक्रम में अनकही व चर्चित चिट्ठियों का पाठ होगा, जबकि डॉ. वरुण के संयोजन में 'यूथ पोडियम' पर समकालीन राजनीति, कला और युवा अस्मिता पर विमर्श होगा। इसके अलावा अंजनी धर के संयोजन में आयोजित 'हुनर' प्रतियोगिता में 70 से अधिक स्कूलों के करीब चार हजार बच्चे शामिल होंगे।


सिनेमा-उनेमा में राजेश कुमार को शिखर सम्मान, कला दीर्घा और स्वास्थ्य संवाद भी



मेले के दौरान आयोजित 'सिनेमा-उनेमा' फिल्म फेस्टिवल में इस वर्ष से 'सिनेमा-उनेमा शिखर सम्मान' की शुरुआत की जा रही है, जिससे चर्चित अभिनेता राजेश कुमार को नवाजा जाएगा। कुमार रविकांत के संयोजन में प्रतिदिन शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग और फिल्मी हस्तियों से सीधा संवाद होगा। इसके साथ ही मुकेश कुमार के संयोजन में भव्य कला दीर्घा सजेगी, जिसमें युवा, लोक और पद्म पुरस्कार से सम्मानित बिहार के कलाकारों की कृतियां प्रदर्शित होंगी। वहीं, डॉ. विकास शंकर के संयोजन में होने वाले स्वास्थ्य संवाद में बेंगलुरु के डॉ. विनय सिंह, मंगलुरु के डॉ. कुणाल, डॉ. निधि सिंह और डॉ. शिवसागर प्रसाद जैसे विशेषज्ञ श्रोताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।


500 से अधिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम, 'स्वाद विहार' में चख सकेंगे खास व्यंजन



बारह दिनों तक चलने वाले इस लोकोत्सव में पांच सौ से अधिक कार्यक्रमों में करीब छह हजार विशेषज्ञ, कलाकार और अतिथि शिरकत करेंगे। प्रशांत रंजन के संयोजन में लोकप्रिय 'जनसंवाद', जयप्रकाश के संयोजन में 'काव्यकथा', रेखा भारती मिश्रा के नेतृत्व में 'कोचिंग मास्टर' व 'ज्ञान रोजगार', सरिता मिश्रा के संयोजन में 'स्कूल उत्सव' तथा 'नुक्कड़ के रंग' और दो दिवसीय 'बिहार संवादी' मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त आशीष कुमार के संयोजन में लगने वाले 'स्वाद विहार' में आगंतुकों को बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ देश के चुनिंदा पकवानों का स्वाद लेने का अवसर भी मिलेगा।


साहित्य, पत्रकारिता और काव्य जगत की कई दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल



इस साहित्यिक महाकुंभ में देशभर के चर्चित पत्रकार, लेखक, कवि और कथाकार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इनमें पत्रकार हर्ष वर्धन त्रिपाठी, अनंत विजय, निवेदिता झा, जय प्रकाश पांडेय, कवि मदन कश्यप, अरुण कमल, नीलांशु रंजन, समीर परिमल, आराधना प्रसाद, कथाकार पूनम सिंह, भावना शेखर, नीलिमा सिंह, किरण घई और अली इमाम सहित दर्जनों दिग्गज साहित्यकार व बुद्धिजीवी शामिल होंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन साहित्य, कला और रंगमंच से जुड़ी विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा।