शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और जबरन गर्भपात का आरोप, पटना एम्स के पूर्व जूनियर रेजिडेंट पर FIR दर्ज

पटना एम्स के सर्जरी विभाग के पूर्व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर चार साल तक शोषण, जबरन गर्भपात और परिवार को धमकी देने के आरोप में फुलवारी शरीफ थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Patna aiims former doctor sexual exploitation
पटना एम्स के पूर्व डॉक्टर पर चार साल तक शोषण और धमकी का आरोप, फुलवारी शरीफ में FIR दर्ज- फोटो : news 4 nation AI

बिहार की राजधानी पटना में एम्स के सर्जरी विभाग के पूर्व जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर एक युवती का चार साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ फुलवारी शरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने और शादी से मुकरने के बाद पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


वर्ष 2022 में इलाज के दौरान शुरू हुई थी पहचान



पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में हाथ जलने के बाद वह इलाज के लिए पटना एम्स के प्लास्टिक सर्जरी विभाग पहुंची थी, जहां उसकी मुलाकात सर्जरी विभाग के जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दिसंबर 2022 में डॉक्टर ने चाय पिलाने के बहाने एम्स परिसर के बॉयज हॉस्टल के कमरा नंबर 313 में बुलाया। आरोप है कि वहां नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर शादी का भरोसा दिलाकर किसी को न बताने के लिए कहा गया। इसके बाद शादी का झांसा देकर आरोपी उसे शहर के अलग-अलग होटलों में बुलाता रहा और शोषण करता रहा।


जबरन गर्भपात और शादी से साफ इनकार



शिकायत में पीड़िता ने बताया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई, जिसकी जानकारी मिलने पर आरोपी डॉक्टर ने कथित तौर पर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो डॉक्टर ने शादी करने से स्पष्ट इनकार कर दिया। मामला तूल पकड़ने पर 30 मई को डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और शादी की बात करने व मामला सार्वजनिक करने की चेतावनी देने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।


दानापुर में हमले का आरोप और जहानाबाद तबादला



पीड़िता ने 26 अक्टूबर की एक अन्य घटना का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया है कि दानापुर जाते समय एक ऑटो में उसकी हत्या करने की कोशिश की गई, लेकिन आसपास भीड़ होने के कारण वह बच निकलने में सफल रही। इस मामले में आरोपी डॉक्टर से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। वहीं पटना एम्स के सर्जरी विभाग की प्रभारी डॉ. वीणा सिंह ने बताया कि आरोपी डॉक्टर पहले एम्स में कार्यरत था, लेकिन अब उसका स्थानांतरण जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है।


फुलवारी शरीफ थाना पुलिस की जांच जारी



फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म, जबरन गर्भपात, धमकी और हमले से जुड़े सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के क्रम में जुटाए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।