PM Modi man ki baat:पीएम मोदी ने मन की बात में दी बड़ी जानकारी, छठ पर्व यूनेस्को की सूची में होगा शामिल

PM Modi man ki baat:आस्था के महापर्व छठ को ग्लोबल पहचान मिलेगी, भारत सरकार ने यूनेस्को कल्चरल हेरिटेज में शामिल कराने का अभियान शुरू किया है, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में बड़ी जानकारी दी है।

छठ पर्व यूनेस्को की सूची में होगा शामिल- फोटो : social Media

PM Modi man ki baat:आस्था और अकीदत का पर्व छठ महापर्व अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में ऐलान किया कि भारत सरकार ने छठ पूजा को यूनेस्को की इनटेंजिबल कल्चरल हेरिटेज लिस्ट (अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची) में शामिल कराने की दिशा में औपचारिक प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि “छठ पूजा अब केवल भारत की नहीं, बल्कि दुनिया की धरोहर बन रही है। यह पर्व भारत की संस्कृति की असल पहचान है। दिवाली के बाद मनाया जाने वाला यह महापर्व सूर्य देवता को समर्पित है, जिसमें अस्ताचलगामी और उदयमान दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। आज यह पर्व न सिर्फ भारत के विभिन्न राज्यों में, बल्कि दुनिया के कई देशों में भी अपनी छटा बिखेर रहा है। जब छठ महापर्व यूनेस्को की सूची में शामिल होगा, तो पूरी दुनिया इसकी भव्यता और दिव्यता का अनुभव कर सकेगी।”

उन्होंने याद दिलाया कि कुछ समय पहले भारत सरकार के प्रयासों से कोलकाता की दुर्गा पूजा को भी यूनेस्को की कल्चरल हेरिटेज लिस्ट में शामिल किया गया था। अब छठ पूजा की बारी है।

पीएम मोदी ने इसी अवसर पर खादी और हैंडलूम को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती (2 अक्टूबर) पर हर नागरिक कोई न कोई खादी का सामान खरीदे और #Khadi टैग लगाकर वोकल फॉर लोकल अभियान को मजबूत बनाए।

इसके साथ ही उन्होंने मधुबनी की मिथिला पेंटिंग का ज़िक्र करते हुए कलाकार स्वीटी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “मिथिला पेंटिंग आज न सिर्फ परंपरा का प्रतीक है, बल्कि महिलाओं की आजीविका का मजबूत साधन बन गई है। यह हमें दिखाती है कि हमारी संस्कृति और कला में भी आत्मनिर्भर भारत का मार्ग छिपा हुआ है।”