Bihar News : चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में फरारी काट रही आरोपी मोनी किन्नर के घर ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची पुलिस, चिपकाया इश्तिहार

Bihar News : न्यायालय से जारी इश्तहार की तामीली कराने के लिए पुलिस बल गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ बंटी यादव हत्याकांड के आरोपी मोनी किन्नर के ठिकाने पर पहुंची और विधिवत नोटिस चस्पा किया......पढ़िए आगे

आरोपी के घर इश्तेहार - फोटो : RANJEET

PATNA : राजधानी पटना के बहुचर्चित बंटी यादव अपहरण व हत्याकांड मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। मामले की नामजद एवं वांछित आरोपी मोनी किन्नर की लगातार फरारी और ढिलाई को देखते हुए पुलिस ने अब अदालती चाबुक चलाना शुरू कर दिया है। न्यायालय से जारी इश्तहार की तामीली कराने के लिए पुलिस बल गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपी मोनी किन्नर के ठिकाने पर पहुंची और विधिवत नोटिस चस्पा किया।  

बंटी यादव की अपहरण के बाद हुई नृशंस हत्या की घटना में मोनी किन्नर को मुख्य साजिशकर्ताओं और आरोपियों में शामिल माना गया है। वारदात के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल-बदल कर फरार चल रही है। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी के बावजूद जब उसने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो पुलिस ने अदालती प्रक्रिया के तहत धारा 82/83 के तहत कुर्का-इश्तिहार की कार्रवाई शुरू की।  

स्थानीय ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची पुलिस टीम ने पूरे इलाके में मुनादी करवाई ताकि आरोपी और आम जनता को कानूनी चेतावनी की जानकारी मिल सके। पुलिस ने स्पष्ट लहजे में मुनादी कर संदेश दिया कि यदि तय सीमा के भीतर आरोपी मोनी किन्नर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करती है, तो उसके मकान व संपत्ति की कुर्की-जब्ती की अगली कानूनी प्रक्रिया तुरंत अमल में लाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पटना के न्यू करबिगहिया निवासी बंटी यादव का बीते 6 जुलाई को पटना जंक्शन इलाके से अपहरण कर लिया गया था, जिसके बाद अथमलगोला क्षेत्र में उनका कुचला हुआ शव बरामद हुआ था। पुलिस अनुसंधान और गिरफ्तार आरोपियों के कबूलनामे में अवैध कारोबार के वर्चस्व और विवाद की कड़ियों में मोनी किन्नर की मुख्य भूमिका सामने आई थी। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी समेत कई आरोपियों को मुठभेड़ और छापेमारी के जरिए पहले ही जेल भेज चुकी है।   

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तिहार चस्पा करने का मकसद आरोपी पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना और कानून के इकबाल को कायम करना है। यदि आरोपी जल्द ही कोर्ट में सरेंडर नहीं करती है, तो पुलिस कोर्ट से कुर्की वारंट हासिल कर उसके घर का सामान जब्त करने की सख्त कार्रवाई करेगी।

रंजीत की रिपोर्ट