Patna News: अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा! बिक्रम में SDPO के नेतृत्व में सघन वाहन जांच, संदिग्धों की हुई कड़ी पड़ताल
Patna News: अपराध और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पालीगंज अनुमंडल पुलिस ने बिक्रम थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।...
Patna News: अपराध और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पालीगंज अनुमंडल पुलिस ने बिक्रम थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) पंकज कुमार शर्मा के नेतृत्व में असपुरा पथ पर घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान छोटे-बड़े सभी वाहनों की तलाशी ली गई और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों की तस्दीक की। वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की गई। जिन चालकों के पास आवश्यक कागजात नहीं मिले या जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उन्हें चेतावनी दी गई तथा नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
पुलिस की विशेष निगाह बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वाले चालकों, तीन सवारी लेकर चलने वालों तथा संदिग्ध परिस्थितियों में आवाजाही करने वाले व्यक्तियों पर रही। जांच के दौरान कई वाहनों की बारीकी से पड़ताल की गई ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी के वाहन या आपराधिक तत्वों की आवाजाही का समय रहते पता लगाया जा सके।एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जांच पूरी मुस्तैदी, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि वाहन जांच केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण का एक प्रभावी माध्यम है। इसलिए किसी भी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें, सभी वैध दस्तावेज साथ रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
अपर थाना अध्यक्ष बरुण कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाना, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना, चोरी के वाहनों की पहचान करना तथा आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सघन जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि अपराधियों में कानून का खौफ बना रहे और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रहे।पुलिस का मानना है कि लगातार चल रहे ऐसे विशेष अभियान न केवल अपराधियों की धरपकड़ में मददगार साबित हो रहे हैं, बल्कि आम लोगों में भी सुरक्षा का विश्वास मजबूत कर रहे हैं
रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार