Bihar News: पटना के 'डॉक्टर साहब' निकले हथियार तस्कर, मेडिकल दुकान से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, पुलिस की रेड से हड़कंप

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस इन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार प्रयासरत है। ताजा मामला पटना से सटे बाढ़ का है। जहां बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल दुकान से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। 

देसी कट्टा-पिस्टल सहित नगदी बरामद 

पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और 1 लाख 25 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कथित डॉक्टर अपनी मेडिकल दुकान की आड़ में हथियारों की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कथित डॉ. त्रिपुरारी के मेडिकल स्टोर की पहले रेकी की और फिर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हथियार तस्करी की आशंका 

प्रारंभिक जांच में बरामद नकदी को हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़ा बताया जा रहा है। इस संबंध में एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी त्रिपुरारी का नाम पहले भी नवादा जिले में एक अपहरण मामले में सामने आ चुका है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से टाल क्षेत्र में सक्रिय हथियार तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर अन्य कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट