दिल्ली में बिहारी युवक की मौत पर सियासी घमासान: जीतन राम मांझी और विजय चौधरी के बयानों पर तेजस्वी का तीखा प्रहार

Bihar News : दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या को लेकर केन्द्रीय मंत्री मांझी द्वारा दिए गए बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने एनडीए नेताओं को असंवेदनशील और अमानवीय करार दिया है....

Patna : दिल्ली में एक बिहारी युवक पांडव कुमार की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत ने अब एक बड़े राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। इस घटना को लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं की टिप्पणियों पर बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कड़ा ऐतराज जताया है। 


तेजस्वी ने एनडीए नेताओं पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें असंवेदनशील और अमानवीय करार दिया है। आरोप है कि दिल्ली पुलिस, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन कार्य करती है, ने केवल बिहारी होने के नाते युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।


तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है....यंत्र-तंत्र और षड्यंत्र से जितने वाले NDA नेता ऐसे ही बेशर्म, असंवेदनशील, अमानवीय, बेरहम, बेपरवाह, निर्मम और निष्ठुर होते है। दिल्ली में एक बिहारी युवक की गृहमंत्री अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस ने केवल बिहारी होने के नाते गोली मारकर हत्या कर दी। 


अपने अंदर समाहित निर्लज्जता, संकीर्णता और नकारात्मकता का सार्वजनिक परिचय देते हुए केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि, “मार दिया तो मार दिया, क्या करे?” हमेशा की तरह अनभिज्ञ बेचारे उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी को तो पता ही नहीं है कि कब, कहां, क्यों, किसलिए और कैसे एक बिहारी को मार दिया गया? 


क्या ये दोनों तब भी इतने ही हृदयहीन, अभद्र, कठोर और उदासीन होते अगर मृतक पांडव कुमार की जगह इनका कोई परिजन होता? सोचिए-समझिए और जवाब दीजिए। 10 हज़ार नगद लेकर ऐसे संवेदनहीन लोगों को चुनेंगे तो यही जवाब मिलेगा।

रंजन कुमार की रिपोर्ट