बाढ़ में खुशियां मातम में बदलीं: शादी की खरीदारी करने जा रहे परिवार का ई-रिक्शा ऑटो से टकराया, मासूम की मौत, 7 घायल
Bihar News : पटना के बाढ़ में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुआ है। इस घटना में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई है, वही 7 लोग गंभीर रुप से घायल हुए है। ये सभी एक ही परिवार के लोग बताए जा रहे है जो शादी की खरीददारी करने जा रहे थे....
Patna : पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरामा फोरलेन पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं। एक ही परिवार के लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर बाजार जा रहे थे, तभी उनकी टक्कर एक सीएनजी ऑटो से हो गई। इस हृदयविदारक घटना में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के सात अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, पंडारक थाना क्षेत्र के पुरान बीघा गांव निवासी एक परिवार में आगामी 1 मई को शादी समारोह होना तय है। इसी मांगलिक कार्य की खरीदारी के लिए परिवार के सदस्य ई-रिक्शा पर सवार होकर बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन बहरामा फोरलेन के पास पहुँचा, विपरीत दिशा से आ रहे सीएनजी ऑटो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक बच्चे ने दम तोड़ दिया था। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां बच्चे की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
अस्पताल में घायलों का उपचार जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, सभी सात घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
रविशंकर कुमार की रिपोर्ट