प्रशांत किशोर का बड़ा हमला, कहा- बांकीपुर चुनाव में बीजेपी घबराई हुई है, सत्ता के तंत्र का हो रहा दुरुपयोग, जीविका दीदियों को लेकर चुनाव आयोग जाने की चेतावनी

Prashant Kishor:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जन सुराज के सूत्रधार और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने बीजेपी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनावी माहौल को गरमा दिया है।

तेज प्रताप यादव के समर्थन और CJP आंदोलन पर बोले PK- फोटो : reporter

Prashant Kishor: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जन सुराज के सूत्रधार और प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने बीजेपी और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए चुनावी माहौल को गरमा दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बीजेपी अपनी परंपरागत सीट बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है और अब सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज की वजह से बीजेपी को अपने बड़े-बड़े नेताओं को बांकीपुर की गलियों में उतारना पड़ रहा है। उन्होंने इसे जन सुराज की राजनीतिक जीत बताते हुए कहा कि पहले जहां बीजेपी का संगठन मजबूत माना जाता था, वहीं अब पार्टी को घर-घर जाकर प्रचार करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में प्रशासनिक व्यवस्था का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि जन सुराज के कार्यकर्ता जिन होटलों में ठहरे हैं, वहां छापेमारी की जा रही है और उनसे यह पूछताछ की जा रही है कि होटल का बिल कौन चुका रहा है।

जीविका दीदियों को लेकर चुनाव आयोग जाने की चेतावनी

प्रशांत किशोर ने सबसे गंभीर आरोप जीविका दीदियों को लेकर लगाए। उन्होंने दावा किया कि पटना के जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों को बीजेपी के पक्ष में काम करने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को चुनाव आयोग के सामने उठाएंगे।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खर्च पर जीविका दीदियों को बसों में भरकर लाया जा रहा है और उन पर दबाव बनाया जा रहा है। प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर 24 घंटे के भीतर चुनाव से जुड़े गैर-सरकारी लोगों को नहीं हटाया गया तो वह चुनाव आयोग के सामने धरने पर बैठेंगे।उन्होंने कहा, “अगर अगले 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो मैं चुनाव आयोग के सामने जाकर बैठूंगा।” हालांकि इन आरोपों पर बीजेपी या प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

‘बीजेपी चुनाव हार रही है इसलिए पूरा तंत्र लगा दिया’

प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी चुनाव हारने के डर से पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को योजनाएं बंद होने और सुविधाएं छिनने का डर दिखाकर प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत है और अगर जनता मजबूती से खड़ी हो जाए तो किसी भी सत्ता को झुकना पड़ता है।

तेज प्रताप यादव के समर्थन और CJP आंदोलन पर बोले PK

प्रशांत किशोर ने तेज प्रताप यादव के जन सुराज को समर्थन देने और उसके बाद उन्हें जेल भेजे जाने की घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलन में हर व्यक्ति का स्वागत है।उन्होंने CJP के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकर्ताओं का बिहार में स्वागत है। प्रशांत किशोर ने सोनम वांगचुक को अपना मित्र बताते हुए उन्हें बड़ा शिक्षाविद बताया।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले- यह जवाबदेही की शुरुआत

NEET पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने इसे जवाबदेही की शुरुआत बताते हुए कहा कि तीन दिन के अंदर शिक्षा मंत्री को जाना पड़ा।उन्होंने कहा कि जनता जब अपने अधिकारों के लिए खड़ी होती है तो सरकार को फैसले लेने पड़ते हैं।

बांकीपुर उपचुनाव अब सिर्फ स्थानीय मुकाबला नहीं रह गया है। प्रशांत किशोर के आरोपों, बीजेपी की आक्रामक चुनावी रणनीति और विपक्षी दलों की सक्रियता ने इस सीट को बिहार की राजनीति का केंद्र बना दिया है। अब चुनाव आयोग की भूमिका और मतदाताओं का फैसला इस हाईप्रोफाइल मुकाबले की दिशा तय करेगा।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह