बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव : प्रशांत किशोर देंगे धरना 24 घंटे का अल्टीमेटम ! तेज प्रताप की गिरफ्तारी पर भाजपा को घेरा

प्रशांत किशोर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले 24 घंटे में चुनाव से सभी गैर-सरकारी लोगों को नहीं हटाया गया, तो वह चुनाव आयोग के सामने धरने पर बैठेंगे।

Prashant Kishor - फोटो : news4nation

Prashant Kishor : प्रशांत किशोर ने रविवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी अपने गढ़ को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव प्रचार के लिए अपने बड़े नेताओं को मैदान में उतार दिया है। जन सुराज सूत्रधार और बांकीपुर से प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके प्रभाव के कारण अब बीजेपी के नेता गली-गली घूमने को मजबूर हैं और यही जन सुराज की लोकतांत्रिक जीत है।


‘जन सुराज के ठिकानों पर छापेमारी’

प्रशांत किशोर ने प्रशासन पर चुनाव में दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जन सुराज के कार्यकर्ता जिन होटलों में ठहरे हैं, वहां छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से यह तक पूछा जा रहा है कि होटल का बिल कौन चुका रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर जन सुराज को चुनाव में रोकने की कोशिश की जा रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि वे इस पूरे मामले को लेकर चुनाव आयोग से मुलाकात करेंगे।


जीविका दीदियों के इस्तेमाल का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि पटना के जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों को बीजेपी के पक्ष में वोट दिलाने की जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि सरकारी खर्च पर जीविका दीदियों को बसों में भरकर लाया जा रहा है और उन्हें चुनावी काम में लगाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीविका दीदियां लोगों से कह रही हैं कि अगर बीजेपी को वोट नहीं दिया गया तो उनका अनाज बंद कर दिया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ भी रोक दिया जाएगा। प्रशांत किशोर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले 24 घंटे में चुनाव से सभी गैर-सरकारी लोगों को नहीं हटाया गया, तो वह चुनाव आयोग के सामने धरने पर बैठेंगे।


तेज प्रताप यादव का समर्थन  

प्रशांत किशोर ने कहा कि तेज प्रताप यादव ने एक दिन पहले जन सुराज को समर्थन दिया था और इसके बाद उन्हें रात में जेल भेज दिया गया। उन्होंने इसे भी चुनावी कार्रवाई से जोड़ते हुए सवाल उठाया।


CJP आंदोलन और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बोले

CJP आंदोलन का जिक्र करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में CJP के लोगों का स्वागत है। उन्होंने सोनम वांगचुक को अपना मित्र बताते हुए कहा कि वह देश के बड़े शिक्षाविदों में से एक हैं। उन्होंने कहा कि देश ने देखा कि जब जनता मजबूती से खड़ी होती है तो सरकार को झुकना पड़ता है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह शुरुआत है और जवाबदेही की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों के भीतर प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव हार रही है, इसलिए पूरा सरकारी तंत्र उसके पक्ष में लगा दिया गया है।