Bankipur Bypoll Vote Counting: भाजपा के अभेद्य गढ़ में प्रशांत किशोर की बड़ी सेंध! बांकीपुर में दूसरे राउंड के बाद 1156 वोटों से आगे, सियासी पारा चढ़ा

दूसरे राउंड तक की मतगणना में प्रशांत किशोर 1,156 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर चल रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा दूसरे नंबर पर हैं। ..

बांकीपुर में दूसरे राउंड के बाद 1156 वोटों से प्रशांत किशोर आगे- फोटो : social Media

Bankipur Bypoll Vote Counting: बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना के बीच बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पटना के एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बढ़त बना ली है। दूसरे राउंड तक की मतगणना में प्रशांत किशोर 1,156 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर चल रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज सिन्हा दूसरे नंबर पर हैं। शुरुआती रुझानों ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है, क्योंकि बांकीपुर को लंबे समय से भाजपा का मजबूत और सुरक्षित गढ़ माना जाता रहा है।

सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती पूरी की गई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती जारी है। कुल 14 टेबलों पर 31 राउंड में मतगणना कराई जा रही है। प्रत्येक राउंड के बाद निर्वाचन पदाधिकारी आधिकारिक आंकड़े जारी कर रहे हैं, जिससे मुकाबले की तस्वीर लगातार बदल रही है। दोपहर तक रुझान और स्पष्ट होने की उम्मीद है, जबकि अंतिम परिणाम आने के बाद बांकीपुर को अपना नया विधायक मिल जाएगा।

इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन असली मुकाबला जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है। करीब 1.30 लाख मतों की गिनती के साथ यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का परिणाम नहीं, बल्कि बिहार की मौजूदा राजनीतिक दिशा, दलों की जनस्वीकृति और नए राजनीतिक विकल्पों की स्वीकार्यता की भी बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

बांकीपुर सीट वर्षों से भाजपा का अभेद्य किला रही है। ऐसे में शुरुआती राउंड में प्रशांत किशोर की बढ़त को राजनीतिक विश्लेषक भाजपा के गढ़ में बड़ी सेंध के रूप में देख रहे हैं। हालांकि अभी मतगणना के 29 राउंड बाकी हैं और अंतिम नतीजे तक मुकाबले का रुख बदल भी सकता है। इसलिए सभी दलों के समर्थकों और राजनीतिक गलियारों की निगाहें अब हर अगले राउंड पर टिकी हैं।

फिलहाल, दूसरे राउंड के बाद आए रुझानों ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि बांकीपुर का यह उपचुनाव अपेक्षा से कहीं अधिक रोमांचक और कांटे का मुकाबला बन चुका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि प्रशांत किशोर अपनी शुरुआती बढ़त को अंत तक बरकरार रख पाते हैं या भाजपा अपने पारंपरिक गढ़ में वापसी कर मुकाबले का पासा पलट देती है।