PM मोदी के बिहार दौरे पर प्रशांत किशोर ने खोला 12 साल पुराना राज, 'नीतीश सेतु' नहीं यह काम हो

पीके ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि आखिर बिहार दूसरे राज्यों के बराबर कब खड़ा हो पाएगा? राज्य से लोगों का पलायन कब रुकेगा? बिहार के लोगों को हर साल बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत कब मिलेगी?

Prashant Kishor Targets PM Modi- फोटो : news4nation

Bihar News :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने वैशाली पहुंचे हैं। उनके दौरे के बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए बिहार के विकास को लेकर कई तीखे सवाल खड़े किए हैं। पीके ने कहा कि प्रधानमंत्री को बिहार की जितनी चिंता करनी चाहिए, उतना फोकस उनका राज्य पर नहीं है। उन्होंने नीतीश सेतु के निर्माण का श्रेय भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देते हुए कहा कि इस परियोजना का कॉन्ट्रैक्ट 2014 से पहले ही हो चुका था। ऐसे में इसका पूरा श्रेय नीतीश कुमार को मिलना चाहिए।


प्रशांत किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री का नीतीश सेतु का उद्घाटन करने आना अच्छी बात है, लेकिन पुल किसने बनवाया और इसका श्रेय किसे मिलना चाहिए, इस पर विवाद की कोई जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, यह परियोजना 2014 से पहले की है और इसका पूरा श्रेय नीतीश कुमार को जाता है।


12 साल में बिहार दूसरे राज्यों से पिछड़ा 

प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर राज्य के विकास के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बिहार दूसरे राज्यों की तुलना में लगातार पिछड़ता जा रहा है। चाहे प्रति व्यक्ति आय हो, जीडीपी की विकास दर हो, देश की कुल जीडीपी में बिहार का योगदान हो या शिक्षा का स्तर, हर क्षेत्र में बिहार की स्थिति दूसरे राज्यों के मुकाबले कमजोर होती जा रही है।


पीके ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि आखिर बिहार दूसरे राज्यों के बराबर कब खड़ा हो पाएगा? राज्य से लोगों का पलायन कब रुकेगा? बिहार के लोगों को हर साल बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत कब मिलेगी? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इन सवालों का जवाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार की ठोस योजना क्या है।


नीतीश सेतु से ज्यादा जरूरी सात निश्चय  

नीतीश सेतु के नामकरण पर भी प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नामकरण करना अच्छी बात है, लेकिन इससे बेहतर सम्मान यह होता कि राज्य सरकार उनके सात निश्चय कार्यक्रमों को ईमानदारी से लागू करती।


पीके के मुताबिक, किसी नेता के नाम पर परियोजना का नाम रख देना ही सम्मान नहीं होता। उनके कार्यों और योजनाओं को जमीन पर उतारना ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने संकेत दिया कि यदि सरकार नीतीश कुमार के सात निश्चय को प्रभावी ढंग से लागू करती तो यह उनके लिए कहीं अधिक सम्मान की बात होती।


34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात  

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं। इसमें करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने 19.7 किलोमीटर लंबे छह लेन के नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करना प्रमुख है। यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ेगा। 

 

इसके अलावा प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और करीब 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी इकाई, सड़क परियोजनाएं, शहरी जलापूर्ति और सीवरेज योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराएंगे।