PUSU Elections: हंगामा, फायरिंग और फिर NSUI की ऐतिहासिक जीत! अध्यक्ष और महासचिव पद पर कब्जा, जानें ABVP का क्या हुआ?
PUSU Elections: पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के नतीजों में इस बार एनएसयूआई का दबदबा देखने को मिला। अध्यक्ष और महासचिव जैसे अहम पदों पर एनएसयूआई प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि अन्य पदों पर निर्दलीय और एबीवीपी उम्मीदवारों ने बाजी मारी।
PUSU Elections: पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (PUSU) के नतीजों ने एक बार फिर छात्र राजनीति की दिशा तय कर दी है। इस बार के चुनाव में NSUI ने जबरदस्त वापसी करते हुए 'सेंट्रल पैनल' के दो सबसे महत्वपूर्ण पदों अध्यक्ष और महासचिव पर अपना परचम लहराया है। भारी हंगामे, साइंस कॉलेज में हुई फायरिंग और मतपत्रों को लेकर हुए विवाद के बीच आए इन परिणामों ने सबको चौंका दिया है। जहाँ शांतनु शेखर नए 'छात्र सरकार' के मुखिया चुने गए हैं, वहीं ABVP को भी दो अहम सीटों पर जीत मिली है।
अध्यक्ष पद पर शांतनु शेखर की जीत
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के शांतनु शेखर को 2896 मत मिले, जबकि छात्र जदयू के प्रिंस कुमार को 1400 वोट हासिल हुए। शांतनु ने 1496 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। चुनाव के दौरान शुरुआती राउंड से ही शांतनु बढ़त बनाए हुए थे।
उपाध्यक्ष पद पर शिफत फैज विजयी
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी शिफत फैज (टीम ओसामा) ने 1568 वोट हासिल कर छात्र जदयू के आयुष हर्ष (1497 वोट) को 71 मतों से पराजित किया। मुकाबला कांटे का रहा, लेकिन अंततः शिफत ने जीत दर्ज की।
महासचिव पद पर खुशी कुमारी की बड़ी जीत
महासचिव पद पर एनएसयूआई की खुशी कुमारी को 2164 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी प्रत्युष राज को 1611 वोट प्राप्त हुए। खुशी कुमारी ने 553 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद
संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के अभिषेक कुमार सिंह को 2143 मत मिले। उन्होंने एनएसयूआई के मनोवर आजम (1751 वोट) को 392 मतों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के हर्षवर्धन ने जीत दर्ज की।
चुनाव के दौरान हंगामा और फायरिंग
मतदान के दौरान पटना साइंस कॉलेज परिसर में फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई। बुलेट बाइक सवार युवकों ने दो राउंड गोली चलायी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दूसरी ओर, निर्दलीय उम्मीदवार रिंकल यादव ने बैलेट पेपर में नाम गलत छपने को लेकर हंगामा किया। आरोप है कि उनका नाम ‘रिंकल कुमार’ छपा था। इसको लेकर उन्होंने पटना कॉलेज और बीएन कॉलेज में बैलेट पेपर फाड़ दिए। हंगामे के बाद पुलिस उन्हें पकड़कर ले गई, हालांकि बाद में छोड़ दिया गया। इस घटना से कुछ समय के लिए मतदान बाधित रहा।
37.84 प्रतिशत हुआ मतदान
छात्रसंघ चुनाव में कुल 37.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 7557 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पटना वीमेंस कॉलेज और पटना लॉ कॉलेज में सबसे अधिक मतदान हुआ। सुबह 8:30 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर 2:30 बजे तक चला, जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हुई। देर रात तक सभी पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। इस बार के चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि विश्वविद्यालय की राजनीति में एनएसयूआई का प्रभाव मजबूत बना हुआ है, हालांकि अन्य संगठनों ने भी महत्वपूर्ण पदों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट