Bihar Budget Session: '24 घंटे में इस्तीफा दें सम्राट चौधरी', राबड़ी देवी का बड़ा हमला, अपने ही बातों पर नहीं रहते डिप्टी सीएम
Bihar Budget Session: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि सम्राट चौधरी को 24 घंटे में इस्तीफा दे देना चाहिए। खाली कहते रहते हैं और अपने ही बातों पर नहीं रहते हैं..
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल का बजट सत्र जारी है और सदन के भीतर व बाहर विपक्ष का विरोध प्रदर्शन लगातार देखने को मिल रहा है। महिला सुरक्षा और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। गुरुवार को भी विपक्षी सदस्यों ने लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर सदन के बाहर प्रदर्शन किया। शुक्रवार को सुबह 11 बजे से विधानसभा की कार्यवाही शुरु हो गई है। वहीं सदन के राजद के द्वारा जबरदस्त हंगामा किया जा रहा है। इसी बीच राबड़ी देवी ने डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग कर दी है।
कहते हैं इस्तीफा देंगे और देते नहीं हैं
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं सरकार की विफलता को दिखाती हैं। राबड़ी देवी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले बयान दिया था कि अपराधियों को 24 घंटे के भीतर पकड़कर सजा दिलाई जाएगी, अन्यथा वे इस्तीफा दे देंगे।
इस्तीफा दें सम्राट चौधरी
अब जब राज्य में रोजाना अपराध हो रहे हैं, तो उन्हें अपने बयान के मुताबिक इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के लगभग हर जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। राज्य में लगातार बलात्कार, अपहरण और हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं। अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है और इसे रोकने वाला कोई नजर नहीं आ रहा,”।
बिहार में बढ़ रहा अपराध
राबड़ी देवी ने कहा कि जब अपराधी पकड़े नहीं जा रहे और घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, तो सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि सम्राट चौधरी को अपने पुराने बयान के अनुसार इस्तीफा देना चाहिए। इस दौरान हाथों में पोस्टर लेकर विपक्षी नेताओं ने जबरदस्त हमला किया। इस दौरान उनके पोस्टर में लिखा था कि महिलाओं को अपमानित करना बंद करो।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट