दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का महागठबंधन पर प्रहार, लालू राज के जंगलराज को बनाया मुद्दा, राहुल गांधी ऐसे नेता, जिनके जाल में बिहार की मछली भी नहीं फंसती
Patna - बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवादा जिले के वारसलीगंज प्रखंड स्थित माफी गढ़ मैदान में एनडीए की एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने महागठबंधन पर जमकर हमला बोलते हुए जंगल राज, चारा घोटाला और भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाया।
रेखा गुप्ता ने लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी का नाम लिए बिना चारा घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने कहा, जो पशुओं का चारा खा गए, उनके बहकावे में अब जनता नहीं आएगी। उन्होंने 2005 से पहले के जंगल राज की भी याद दिलाई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस दौरान गुंडे लोगों की मेहनत की कमाई लूट लेते थे, नई गाड़ियां उठा ले जाते थे और बहू-बेटियों की सुरक्षा तक नहीं थी।
बिहार से चले गए उद्योगपति
उनके अनुसार, कई उद्योगपति बिहार छोड़कर चले गए थे।एनडीए सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार को विकसित बनाया है। उन्होंने रोजगार, सुरक्षा, सड़क, रेल और हवाई अड्डों के विकास का उल्लेख किया।
उन्होंने यह भी बताया कि बिजली हर घर तक पहुंची है और अब लालटेन का जमाना खत्म होकर एलईडी का दौर आ गया है। उन्होंने जोर दिया कि विकास की यह रफ्तार रुकनी नहीं चाहिए।
मछली भी उनके जाल में नहीं फंसती
रेखा गुप्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा,जो कूद-कूदकर तालाब में मछली पकड़ने जाते हैं, अब बिहार की महिलाएं भी उन्हें पहचान गई हैं। मछली भी उनके जाल में नहीं फंसती। उन्होंने आगे कहा, ऐसा नालायक जो चुनाव बाद पिकनिक मनाने चला जाएगा।
इस बयान को राहुल गांधी पर सीधा हमला माना जा रहा है।महागठबंधन पर अपने हमले जारी रखते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वे जानते हैं कि वे चुनाव नहीं जीत रहे हैं, इसलिए हर घर नौकरी का लॉलीपॉप" दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचारी जेल जाएंगे और यदि कट्टा दिखाकर डराने वाले फिर से सत्ता में आए तो "जंगल राज" लौट आएगा।
इस जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी। रेखा गुप्ता ने एनडीए प्रत्याशियों अरुणा देवी के लिए के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उनके इस दौरे को बिहार में एनडीए के चुनाव प्रचार को गति देने वाला माना जा रहा है।
रिपोर्ट - अमन सिन्हा